Noida Development : नोएडा में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक नई बड़ी परियोजना पर काम शुरू होने जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण ने एमपी-1 और एमपी-2 मार्ग को जोड़ने के लिए करीब छह किलोमीटर लंबे छह लेन एलिवेटेड रोड के निर्माण की योजना बनाई है। प्रस्तावित एलिवेटेड रोड रजनीगंधा अंडरपास के आगे से शुरू होकर सेक्टर-60 स्थित यूफ्लेक्स तक जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर लगभग 700 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
परियोजना की डीपीआर तैयार की जाएगी
इस परियोजना के रूट को लेकर आइआइटी रुड़की ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के सामने प्रस्तुतीकरण दिया, जिसे सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। अब आइआइटी रुड़की इस मार्ग की व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार कर प्राधिकरण को सौंपेगा। इसके बाद परियोजना की विस्तृत डीपीआर तैयार की जाएगी। इसके लिए प्राधिकरण की ओर से आइआइटी रुड़की को करीब 3.5 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा।
परियोजनाओं के बजट और डिजाइन की जांच
खास बात यह है कि पहली बार नोएडा प्राधिकरण किसी निर्माण परियोजना के लिए आइआइटी रुड़की को कंसल्टेंट के तौर पर जिम्मेदारी दे रहा है। संस्थान एलिवेटेड रोड के लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट, बजट, डिजाइन और डीपीआर तैयार करने में सहयोग करेगा। इससे पहले आइआइटी रुड़की केवल प्राधिकरण की परियोजनाओं के बजट और डिजाइन की जांच करता रहा है।
दूरी तय करने में लग जाता है काफी समय
फिलहाल औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 और फेज-3 के बीच आने-जाने वाले लोगों को कई प्रमुख चौराहों और रेड लाइट से होकर गुजरना पड़ता है। रजनीगंधा, सेक्टर-10, 21 का चौक, चौड़ा मोड़, सेक्टर-12 और सेक्टर-57 जैसे इलाकों में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस वजह से कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है।
वाहन चालकों को रेड लाइट से मिलेगी राहत
एलिवेटेड रोड बनने के बाद वाहन चालकों को कई रेड लाइट से राहत मिलेगी और सफर का समय करीब 30 मिनट से घटकर लगभग 10 मिनट तक पहुंचने की उम्मीद है। यह मार्ग दक्षिण दिल्ली से डीएनडी होते हुए सेक्टर-57 तक आने-जाने वाले लोगों के लिए भी फायदेमंद साबित होगा।
आसपास लगने वाले जाम की समस्या
परियोजना के पूरा होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और आसपास की सोसायटियों में रहने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही सेक्टर-95 स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल के आसपास लगने वाले जाम की समस्या भी कम हो सकती है।
ये भी पढ़ें- हर बच्चे की सुरक्षा के लिए पंजाब सरकार ने ‘सेफ स्कूल वाहन’ अभियान किया तेज- डॉ. बलजीत कौर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









