Madhya Pradeshराज्य

मैहर में भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, एक घायल

Maihar Road Accident : मध्य प्रदेश के मैहर जिले में मंगलवार की तड़के हुई सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास रात करीब एक बजे हुआ. सभी लोग अमरपाटन में एक जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मैहर लौट रहे थे.

पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार से जा रही एसयूवी सामने चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एसयूवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी छह लोग वाहन के भीतर फंस गए. सूचना मिलते ही पुलिस और हाईवे पेट्रोल की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद सभी को बाहर निकाला.

मौके पर ही पांच लोगों की मौत

दुर्घटना में अंकुर पटेल, मृदुल पटेल, विजय पटेल, हरिशंकर पटेल और शिवा पटेल की मौके पर ही मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पहले अमरपाटन के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मैहर अस्पताल की मोर्चरी में भेजे गए हैं.

अमरपाटन से लौट रहे थे सभी लोग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी लोग अमरपाटन में आयोजित जन्मदिन समारोह से वापस लौट रहे थे. बताया गया है कि यह कार्यक्रम कांग्रेस के अमरपाटन जिला उपाध्यक्ष मनोज पटेल के यहां आयोजित किया गया था. मृतक उनके रिश्तेदार बताए जा रहे हैं. वहीं, घायल और मृतकों का संबंध स्थानीय कांग्रेस नेता मनीष पटेल के परिवार से बताया गया है.

पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारी दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं और यह जांच की जा रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुआ.

ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button