विदेश

कुवैत और बहरीन में अमेरिकी बेस पर ईरान का मिसाइल हमला, ट्रंप ने दी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी

Iran-US Tensions : अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. ताजा घटनाक्रम में ईरान ने कुवैत और बहरीन में मिसाइल हमले करने का दावा किया है. तेहरान का कहना है कि इन हमलों का निशाना क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकाने थे. हमलों के बाद ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि उनका देश किसी भी कार्रवाई का जवाब कार्रवाई से देता है.

ईरानी सेना ने एक वीडियो जारी करते हुए दावा किया कि उसने अमेरिकी सेना के खिलाफ मिसाइल हमला किया है. सेना के मुताबिक, यह कार्रवाई अमेरिका की सैन्य गतिविधियों और सीजफायर के उल्लंघन के जवाब में की गई. ईरान का यह बयान ऐसे समय आया है जब फारस की खाड़ी में अमेरिकी ठिकानों पर हुए हमलों के बाद सीजफायर खत्म होने की चर्चा तेज हो गई है.

ईरानी हमलों के बाद कुवैत में सुरक्षा कड़ी

ईरान की ओर से किए गए हमलों के बाद कुवैत में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. कुवैती सेना ने कहा है कि देश की एयर डिफेंस प्रणाली संभावित हवाई खतरों से निपटने के लिए सक्रिय है. प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.

बीते कुछ समय में कतर, बहरीन और कुवैत में हवाई अलर्ट जारी किए गए हैं. कुवैत के आसमान में कई इंटरसेप्टर भी देखे गए. वहीं, कतर के गृह मंत्रालय ने लोगों से घरों और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह देते हुए कहा कि सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ा हुआ है.

ट्रंप की ईरान को चेतावनी

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि अमेरिका एक और रात सैन्य कार्रवाई कर सकता है. ट्रंप ने ईरान के बिजली संयंत्रों, समुद्री जल को मीठा बनाने वाले डिसैलिनेशन प्लांट और खार्ग द्वीप जैसे रणनीतिक ठिकानों का भी उल्लेख किया. खार्ग द्वीप को ईरान के तेल निर्यात का प्रमुख केंद्र माना जाता है.

संभावित सैन्य कार्रवाई पर ट्रंप ने कहा, “हमने कल रात उन पर जोरदार हमला किया था. हो सकता है कि आज रात भी हम उन पर जोरदार हमला करें.”

ये भी पढ़ें– न छाता, न रेनकोट… मां ने लगाया ऐसा दिमाग कि वीडियो देखकर लोग रह गए हैरान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button