Mumbai Rain News : मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है. कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान मुंबई और उसके उपनगरों में बादल छाए रहने तथा रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है. इसके साथ ही बुधवार शाम 5:17 बजे 3.77 मीटर ऊंची हाई टाइड और 9 जुलाई की सुबह 7 बजे 3.49 मीटर ऊंची दूसरी हाई टाइड आने की चेतावनी जारी की गई है.
मुंबई में पिछले 48 घंटों के दौरान औसतन 61.13 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं पूर्वी उपनगरों में 86.66 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 86.90 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है.
कई इलाकों में जलभराव
बारिश का असर केवल मुंबई तक सीमित नहीं है. नासिक के मखमलाबाद रोड इलाके में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया, जिससे कई लोग प्रभावित हुए. ठाणे में सड़कों पर पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कई जगह जाम की स्थिति बनी रही.
नवी मुंबई में हुई तेज बारिश के बाद एपीएमसी समेत कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया. 1 जून से अब तक शहर में 1,372 मिमी बारिश दर्ज की गई है. वहीं मोरबे बांध अपनी कुल क्षमता का 50 प्रतिशत तक भर चुका है.
पटरियों पर पैदल चले यात्री
पालघर जिले में भी कई सड़कों पर घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया है. लोगों को रोजमर्रा के काम और बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए जलभराव वाले रास्तों से गुजरना पड़ रहा है.
वसई-विरार क्षेत्र और दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में जलभराव के कारण गुजरात की ओर जाने वाली लंबी दूरी की कई रेल सेवाएं प्रभावित रहीं. वहीं, भोर घाट क्षेत्र में सोमवार को हुए भूस्खलन के बाद मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर परिचालन अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका है. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में वसई रोड के आगे उपनगरीय रेल सेवाएं बाधित होने के बाद यात्रियों को रात में मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में पानी से भरी पटरियों पर पैदल चलते देखा गया.
स्कूल-कॉलेज बंद और ऑरेंज अलर्ट जारी
नालासोपारा में रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से रेल परिचालन प्रभावित हुआ. वहीं, सड़क मार्ग पर ट्रैफिक बढ़ने के कारण बड़ी संख्या में यात्री रेलवे स्टेशनों पर पहुंचते दिखाई दिए.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए बुधवार तक ऑरेंज अलर्ट जारी रखा है. भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए मंगलवार को मुंबई के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम संचालित स्कूलों एवं कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया.
जल भंडारण 41.43 प्रतिशत
लगातार हो रही बारिश का असर मुंबई की जलापूर्ति करने वाली झीलों पर भी दिखाई दे रहा है. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अनुसार, विहार झील के बाद अब तुलसी झील भी ओवरफ्लो होने लगी है. हालांकि, शहर को पानी उपलब्ध कराने वाली सभी झीलों में कुल जल भंडारण अभी उनकी अधिकतम क्षमता का 41.43 प्रतिशत ही है.
ये भी पढ़ें- दुनिया में फिर बढ़ा भारत का मान, PM मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









