राष्ट्रीय

मुंबई एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, एक ही रनवे पर पहुंचे दो विमान, एअर इंडिया का बयान आया सामने

Mumbai Airport Incident : मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार रात एक बड़ा हादसा टल गया. यहां एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमान एक ही रनवे पर आ गए थे. समय रहते एअर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के निर्देश मिलने के बाद संभावित दुर्घटना को टाल दिया गया.

सूत्रों के मुताबिक, यह घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की है. सिलीगुड़ी से मुंबई पहुंचा एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान लैंडिंग के बाद रनवे से पूरी तरह बाहर नहीं निकला था. इसी दौरान मुंबई से दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी.

विमान को वापस पार्किंग बे में ले जाया गया

स्थिति को देखते हुए ATC ने एअर इंडिया के विमान के चालक दल को टेक-ऑफ रन रोकने का निर्देश दिया. इसके बाद विमान की उड़ान प्रक्रिया बीच में ही रोक दी गई और उसे वापस पार्किंग क्षेत्र (बे) में ले जाया गया.

जानकारी के अनुसार, दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI816 में बोइंग 777-300 ER विमान इस्तेमाल किया जा रहा था. वहीं, सिलीगुड़ी से मुंबई आई एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या AIX1547 में बोइंग 737 मैक्स 8 विमान शामिल था.

ATC के निर्देश पर टेक-ऑफ रोका

एअर इंडिया ने इस घटना को लेकर बयान जारी किया है. कंपनी ने बताया कि 7 जुलाई को मुंबई से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI816 के चालक दल ने ATC के निर्देश मिलने के बाद टेक-ऑफ रन रोक दिया और विमान को वापस बे में ले आए. विमान की मानक प्रक्रिया के तहत जांच की जाएगी.

एअर इंडिया ने यह भी कहा कि यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है. हालांकि, घटना के समय दोनों विमानों में कितने यात्री मौजूद थे, इसकी जानकारी तत्काल सामने नहीं आई है.

ये भी पढ़ें- दुनिया में फिर बढ़ा भारत का मान, PM मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button