राष्ट्रीयविदेश

PM Modi Visit Australia : मेलबर्न में 30 हजार भारतीयों को किया संबोधित, यूरेनियम डील से रिश्तों को नई ताकत

PM Modi Visit Australia : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दो दिवसीय ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान मेलबर्न में आयोजित ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। कार्यक्रम में करीब 30 हजार भारतीयों ने हिस्सा लिया। पीएम मोदी ने कहा कि वह 12 साल में तीसरी बार ऑस्ट्रेलिया आए हैं और यह दोनों देशों के मजबूत होते संबंधों को दिखाता है। उन्होंने भारतीय समुदाय को भारत और ऑस्ट्रेलिया की दोस्ती का अहम हिस्सा बताया।

महत्वपूर्ण खनिजों समेत कई क्षेत्रों में सहयोग

इससे पहले मेलबर्न में पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। बैठक के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, अंतरिक्ष और महत्वपूर्ण खनिजों समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की घोषणा की।

यूरेनियम आपूर्ति को लेकर अहम समझौता

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यूरेनियम आपूर्ति को लेकर भी अहम समझौता हुआ। पीएम मोदी ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया से यूरेनियम मिलने से भारत के स्वच्छ ऊर्जा अभियान को मजबूती मिलेगी। दोनों देश क्रिटिकल मिनरल्स कॉरिडोर विकसित करने पर भी मिलकर काम करेंगे।

पीएम मोदी ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया के कोकोस (कीलिंग) द्वीप पर स्पेस ट्रैकिंग टर्मिनल स्थापित किया जाएगा, जिससे भारत के अंतरिक्ष अभियानों और गगनयान मिशन को सहायता मिलेगी।

दोनों देशों में क्रिकेट जैसी समानताएं

भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को क्रिकेट से जोड़ते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों की साझेदारी में क्रिकेट जैसी समानताएं हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत में वनडे जैसा लक्ष्य, फैसलों में टी-20 जैसी तेजी और रिश्तों में टेस्ट मैच जैसी मजबूती दिखाई देती है।

आतंकवाद मानवता के लिए गंभीर चुनौती

आतंकवाद के मुद्दे पर पीएम मोदी ने कहा कि यह पूरी मानवता के लिए गंभीर चुनौती है और भारत-ऑस्ट्रेलिया इसके खिलाफ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने की बात कही।

नए समझौतों के जरिए इस दूरी को कमी

ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि दोनों देशों की सप्लाई चेन पहले से जुड़ी हुई थीं, लेकिन नीतियों में अंतर था। अब नए समझौतों के जरिए इस दूरी को कम करने की दिशा में कदम उठाया गया है।

अल्बनीज ने बताया कि 2015 के भारत-ऑस्ट्रेलिया परमाणु सहयोग समझौते के तहत भारत को यूरेनियम निर्यात की व्यवस्था को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि दोनों देश अपने संबंधों को और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, साइबर सुरक्षा…

इसके अलावा भारत और ऑस्ट्रेलिया ने नई ‘PACTS’ साझेदारी शुरू करने पर सहमति जताई है। इसके तहत दोनों देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, साइबर सुरक्षा और डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्रों में मिलकर शोध और सहयोग करेंगे।

पीएम मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे को दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी साझेदारी को आगे बढ़ाने वाले महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें- अमृतसर में 6 हैंड ग्रेनेड और 12 पिस्तौल समेत बीकेआई के 3 गुर्गे गिरफ्तार, हुंडई आई-20 कार भी जब्त

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button