Madhya Pradeshराज्य

दतिया उपचुनाव में BJP में बगावत, नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर सड़क पर उतरे समर्थक

Madhya Pradesh News : मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के ऐलान के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) में नाराजगी खुलकर सामने आ गई है. पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर पूर्व संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उनके समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया. नाराज कार्यकर्ताओं ने दतिया में बाजार बंद कराए और मुख्य हाईवे पर टायर जलाकर चक्काजाम किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ.

टिकट वितरण से असंतुष्ट भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को पूरी जिला कार्यकारिणी का सामूहिक इस्तीफा भेज दिया. इस्तीफे पर जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, पार्षदों और सभी 281 बूथ अध्यक्षों के हस्ताक्षर बताए गए हैं.

रघुवीर सिंह कुशवाह ने कहा कि उम्मीदवार बदलने का फैसला एकतरफा लिया गया है, उन्होंने मांग की कि 24 घंटे के भीतर डॉ. नरोत्तम मिश्रा को प्रत्याशी घोषित किया जाए. ऐसा नहीं होने पर कार्यकर्ता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने का फैसला कर सकते हैं.

समर्थकों ने उम्मीदवार बदलने की मांग उठाई

प्रदर्शन कर रहे समर्थकों का कहना है कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पिछले 15 वर्षों में क्षेत्र के विकास के लिए काम किया है और उपचुनाव की तैयारी में लगातार सक्रिय थे. उनका दावा है कि नए उम्मीदवार आशुतोष तिवारी की क्षेत्र में पहचान नहीं है.

समर्थकों ने पार्टी नेतृत्व से उम्मीदवार बदलने की मांग करते हुए कहा कि पहले भी भाजपा चुनाव के दौरान अपने फैसलों में बदलाव कर चुकी है. उनका कहना है कि दतिया में भी ऐसा ही फैसला लिया जाना चाहिए, अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा.

सदस्यता रद्द होने से खाली हुई सीट

आपको बता दें कि साल 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा को हराया था. हाल ही में एक पुराने बैंक धोखाधड़ी मामले में दिल्ली की अदालत ने राजेंद्र भारती को तीन साल की सजा सुनाई, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द हो गई. इसी वजह से दतिया सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है.

बताया जा रहा है कि पार्टी के आंतरिक सर्वे और पिछली हार से मिले फीडबैक के आधार पर भाजपा नेतृत्व ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है. हालांकि, नरोत्तम मिश्रा समर्थकों के विरोध के बाद दतिया का सियासी माहौल और गर्म हो गया है.

ये भी पढ़ें- Farmers ID Card बनेगा किसानों की पहचान, मिलेंगे भरपूर लाभ, बार-बार रजिस्ट्रेशन का झंझट खत्म, ऐसे करें अप्लाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button