Bihar News : बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना उम्मीदवार बदल दिया है. नामांकन दाखिल करने के एक दिन बाद ही अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ अभिषेक बंटी ने शुक्रवार को अपना नाम वापस ले लिया. इसके बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को नया उम्मीदवार घोषित कर दिया.
नाम वापस लेने के बाद अभिषेक बंटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि उन्होंने पारिवारिक कारणों से यह फैसला लिया है. हालांकि, सूत्रों के मुताबिक इसके पीछे अन्य वजहें भी बताई जा रही हैं.
पिता के चारा घोटाले से जुड़े मामले की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, अभिषेक बंटी के पिता रविंद्र प्रसाद सिन्हा का नाम बिहार के चर्चित चारा घोटाले से जुड़ा रहा है. वह मेसर्स मगध केमिकल्स कॉर्पोरेशन में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे. इस कंपनी पर चारा घोटाले के दौरान फर्जी बिलों के जरिए अवैध सप्लायर बनकर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये की हेराफेरी करने के आरोप लगे थे. इस मामले में रविंद्र प्रसाद सिन्हा दोषी ठहराए गए थे.
बताया जा रहा है कि पार्टी को आशंका थी कि चुनाव प्रचार के दौरान विपक्ष इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर हमला बोल सकता है, जिससे चुनावी माहौल प्रभावित हो सकता था.
नामांकन फॉर्म में भी बताई जा रही हैं गड़बड़ियां
वहीं, सूत्रों का यह भी कहना है कि अभिषेक बंटी के नामांकन पत्र की जांच के दौरान कुछ विसंगतियों की चर्चा सामने आई, उन्होंने अपने नामांकन पत्र में खुद को 10वीं पास बताया था. दस्तावेजों की जांच के दौरान शैक्षणिक जानकारी को लेकर कुछ गड़बड़ियों की बात कही जा रही है.
पार्टी को आशंका थी कि जांच के दौरान नामांकन रद्द भी हो सकता है. ऐसे में किसी तकनीकी या कानूनी स्थिति से बचने के लिए उनसे नाम वापस लेने को कहा गया.
नीरज कुमार सिन्हा को बनाया नया उम्मीदवार
अभिषेक बंटी के नाम वापस लेने के बाद भाजपा ने 32 वर्षीय नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया है. नीरज कुमार सिन्हा लंबे समय से पार्टी से जुड़े हैं. वह वर्ष 2006 से भाजपा में सक्रिय हैं और बूथ अध्यक्ष से लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के जिला उपाध्यक्ष तक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं.
ये भी पढ़ें- Farmers ID Card बनेगा किसानों की पहचान, मिलेंगे भरपूर लाभ, बार-बार रजिस्ट्रेशन का झंझट खत्म, ऐसे करें अप्लाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









