Weather Update : देश के कई मैदानी इलाकों में मॉनसून की रफ्तार कुछ दिनों के लिए धीमी पड़ गई थी, लेकिन सोमवार से मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है. भारत मौसम विभाग (IMD) ने 18 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक उत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा में भी अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.
अगले दो से तीन दिन अलर्ट
आईएमडी ने पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ इलाकों में अगले दो से तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ सकती हैं. राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में 14 और 15 जुलाई को हल्की बारिश का अनुमान है. इसके साथ ही पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.
दिल्ली में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं
राजधानी दिल्ली के मौसम में अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. सोमवार को दिन के समय तेज सतही हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश से हालात गंभीर बने हुए हैं. कई जगह बादल फटने और भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे सड़कें बाधित हो गई हैं और बड़े-बड़े बोल्डर गिरने से आवाजाही प्रभावित हुई है. कई स्थानों पर मकान, दुकानें और सड़कें पानी की चपेट में हैं. मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं उत्तराखंड में भी भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग की ऑल इंडिया वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से आने वाली सूखी हवाएं अरब सागर, मध्य भारत और दक्षिण भारत तक फैल गई हैं. इसी वजह से दिल्ली-एनसीआर समेत मैदानी इलाकों से मॉनसून के बादल पहाड़ों की ओर खिसक गए हैं, जहां लगातार तेज बारिश का दौर बना हुआ है.
ये भी पढ़ें- ईरान में ट्रंप को लेकर भड़की भीड़, अंतिम संस्कार में खुलेआम दी गई जान से मारने की धमकी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








