Uttar Pradeshराज्य

‘हमें तलाक दे दिया’, अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का तंज, बोले- 22 जुलाई के बाद सपा में होगी बड़ी टूट

UP News : उत्तर प्रदेश के बलिया में आयोजित बीजेपी के जन संवाद कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला, उन्होंने दावा किया कि 22 जुलाई से शुरू होने वाले मानसून सत्र के दौरान समाजवादी पार्टी टूट जाएगी.

राजभर ने कहा, “देख लेना, 22 जुलाई को मानसून सत्र शुरू होगा और समाजवादी पार्टी टूट जाएगी. जिन लोगों ने महिला बिल का विरोध किया, उनकी पार्टियां टूट गईं. कांग्रेस, शिवसेना और टीएमसी इसके उदाहरण हैं.”

2027 में सपा 27 सीटों को तरसेगी

राजभर ने कहा कि लोग अक्सर उनसे पूछते हैं कि वह अखिलेश यादव के खिलाफ इतना क्यों बोलते हैं. इस पर उन्होंने कहा, “उन्होंने तो हमें तलाक दे दिया, ऐसे में जब सामना होता है तो गुस्सा आ ही जाता है.”

उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कई बड़े नेताओं को तैयार किया है और कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल बजते ही तस्वीर साफ हो जाएगी, उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को “दगे हुए कारतूस” बताते हुए कहा कि सपा ने 2017 में 47 सीटें जीती थीं, लेकिन 2027 में अगर 27 सीटें भी जीत ले, तो वही उसकी बड़ी उपलब्धि होगी.

विपक्ष को हमें देखते ही ‘100 डिग्री बुखार

अपने संबोधन में राजभर ने कहा कि जैसे बाली को देखकर सामने वाले का आधा बल खत्म हो जाता था, उसी तरह उन्हें देखते ही विपक्ष को “100 डिग्री बुखार” आ जाता है और उसकी दवा भी उन्हें पता है, उन्होंने कहा कि सत्ता विरासत में मिल सकती है, लेकिन बुद्धि नहीं मिलती. साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि बीजेपी और उसके सहयोगी दल 2027 का चुनाव पूरी ताकत से लड़ेंगे.

अखिलेश समेत तीन नेताओं पर आरोप

राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव, शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव दिन में बीजेपी के खिलाफ बयान देते हैं, जबकि रात में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुलदस्ता भेंट करते हैं.

उन्होंने यह भी दावा किया कि रामगोपाल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर परिवार को जेल न भेजने और सुरक्षा देने की मांग की थी, राजभर के मुताबिक, इस पर अखिलेश यादव ने भी समर्थन जताया था कि “जो कमजोर होगा, वह टूट जाएगा.”

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने एक बार फिर अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जब तक वह एसी में बैठकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे या सोकर उठकर ट्वीट करेंगे, तब तक वह चार जिलों का दौरा कर चुके होंगे.

ये भी पढ़ें- राम मंदिर के डकैतों को सजा दिलाने के लिए रविवार को सुंदरकांड पाठ कर सिग्नेचर कैंपेन की शुरूआत करेगी ‘‘आप’’- केजरीवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button