विदेश

बैंकॉक के पब में भीषण आग, 27 लोगों की मौत, 63 घायल

Thailand Fire : थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक पब में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. इस घटना में 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें पब के मुख्य प्रवेश द्वार से आग की ऊंची लपटें और घना धुआं निकलता दिखाई दे रहा है. फिलहाल दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है.

अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की सूचना आधी रात के आसपास मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. बचाव अभियान के दौरान घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

जान बचाकर बाहर भागे लोग

घटना के बाद सामने आए वीडियो में बैंकॉक के उत्तरी हिस्से में स्थित पब के बाहर आग की तेज लपटें और आसमान में उठता काला धुआं साफ देखा जा सकता है. वहीं, कई लोग जान बचाने के लिए पब से बाहर निकलते हुए भी नजर आए.

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा किया और बताया कि हादसे में 27 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, उन्होंने कहा कि आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है.

आग बुझाने में आधा घंटा लगा

अधिकारियों के अनुसार, दमकलकर्मियों को आग बुझाने में करीब आधा घंटा लगा. हादसे के बाद की तस्वीरों में पब का अंदरूनी हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दिया, जहां टेबल, कुर्सियां और अन्य सामान जल चुके थे.

आपको बता दें कि थाईलैंड में इससे पहले भी आग की कई बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं. साल 2022 में देश के पूर्वी हिस्से में एक म्यूजिक पब में आग लगने से 14 लोगों की मौत हुई थी. वहीं, 1 जनवरी 2009 को बैंकॉक के सांतिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान लगी आग में 66 लोगों की जान चली गई थी और 200 से अधिक लोग घायल हुए थे. हाल ही में चीन की एक फैक्ट्री में आग लगने से 28 लोगों की मौत की खबर भी सामने आई थी.

ये भी पढ़ें- ईरान में ट्रंप को लेकर भड़की भीड़, अंतिम संस्कार में खुलेआम दी गई जान से मारने की धमकी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button