विदेश

IRGC के जहाज पर हमले के बाद अमेरिका का पलटवार, ईरान पर स्ट्राइक, होर्मुज बंद करने का ऐलान

US-Iran Conflict : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव एक बार फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गया है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक कारोबारी जहाज पर हुए हमले के बाद अमेरिका ने रविवार को इस सप्ताह ईरान के खिलाफ तीसरी सैन्य कार्रवाई की. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, यह ऑपरेशन साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज एम/वी जीएफएस गैलेक्सी पर ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) द्वारा किए गए हमले के जवाब में शुरू किया गया.

CENTCOM ने बताया कि भारतीय समयानुसार रविवार रात शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान जहाज को गंभीर नुकसान पहुंचा. हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई, जिससे वह आगे यात्रा करने में सक्षम नहीं रहा. चालक दल का एक सदस्य अब भी लापता बताया जा रहा है. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा, “ईरान ने गलत फैसला लिया, अब इसकी कीमत चुकानी होगी.”

कई ईरानी शहरों में धमाकों की आवाज

ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के मुताबिक, अमेरिकी हमलों के बाद असालुयेह, बंदर अब्बास, सीरिक, बंदर देयर और चाबहार सहित कई शहरों में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं. अलग-अलग इलाकों में कई विस्फोट होने की भी पुष्टि की गई है.

रविवार को इससे पहले IRGC ने दावा किया था कि एक जहाज ने अपना ट्रैकिंग सिस्टम बंद कर बिना अनुमति निर्धारित समुद्री मार्ग से गुजरने की कोशिश की. संगठन के मुताबिक, चेतावनी दिए जाने के बावजूद जहाज ने दिशा नहीं बदली, जिसके बाद चेतावनी के तौर पर उस पर फायरिंग की गई. इसके साथ ही ईरान ने अगले आदेश तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सभी समुद्री यातायात के लिए बंद रखने की घोषणा की. ईरान ने यह भी कहा कि यदि अमेरिका इस घटना को आधार बनाकर फिर सैन्य कार्रवाई करता है, तो क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा.

बातचीत की कोशिशें जारी

तनाव के बीच कूटनीतिक प्रयास भी जारी हैं. अमेरिका ने शनिवार को सार्वजनिक रूप से ईरान से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने और कारोबारी जहाजों पर हमले रोकने की अपील की थी. वहीं, ओमान और कतर की मध्यस्थता में मस्कट में दोनों पक्षों के बीच वार्ता चल रही है. इस दौरान ईरान ने अपना रुख दोहराते हुए कहा कि अमेरिका पहले होर्मुज और तेल निर्यात से जुड़े पुराने समझौतों का पालन करे, उसके बाद ही आगे बातचीत संभव होगी. लगातार बढ़ते तनाव और सैन्य घटनाक्रम के बीच वैश्विक तेल बाजार में भी चिंता का माहौल बना हुआ है.

ये भी पढ़ें- राम मंदिर के डकैतों को सजा दिलाने के लिए रविवार को सुंदरकांड पाठ कर सिग्नेचर कैंपेन की शुरूआत करेगी ‘‘आप’’- केजरीवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button