Qatar News : कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का रविवार सुबह 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. कतर के अमीरी दीवान ने आधिकारिक बयान जारी कर उनके निधन की जानकारी दी. बयान में कहा गया, “अल्लाह की इच्छा और फैसले को स्वीकार करते हुए हम गहरे दुख के साथ पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन की घोषणा करते हैं. अल्लाह उन्हें जन्नत में स्थान दे.”
शेख हमद बिन खलीफा अल थानी को आधुनिक कतर के निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले नेताओं में गिना जाता है, उन्होंने साल 1995 में बिना किसी रक्तपात के हुए सत्ता परिवर्तन के बाद अपने पिता शेख खलीफा बिन हमद अल थानी से देश की कमान संभाली थी. करीब 18 वर्षों तक कतर का नेतृत्व करने के बाद 2013 में उन्होंने स्वेच्छा से सत्ता अपने बेटे और मौजूदा अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी को सौंप दी थी. खाड़ी देशों में इस तरह का शांतिपूर्ण सत्ता हस्तांतरण बेहद दुर्लभ माना जाता है.
कतर की अर्थव्यवस्था को दी नई दिशा
इंग्लैंड की प्रतिष्ठित रॉयल मिलिट्री अकादमी सैंडहर्स्ट से सैन्य शिक्षा प्राप्त करने वाले शेख हमद ने अपने कार्यकाल में कतर को आर्थिक और रणनीतिक रूप से मजबूत बनाया. उनके नेतृत्व में नॉर्थ फील्ड गैस भंडार का बड़े स्तर पर विकास हुआ, जिससे कतर दुनिया के प्रमुख LNG (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) निर्यातकों में शामिल हुआ. इसके परिणामस्वरूप देश की प्रति व्यक्ति आय दुनिया में सबसे ऊंचे स्तरों में पहुंच गई.
मीडिया के क्षेत्र में भी शेख हमद का योगदान महत्वपूर्ण माना जाता है. साल 1996 में उनके संरक्षण में अल जजीरा न्यूज नेटवर्क की शुरुआत हुई, जिसने अरब जगत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मीडिया क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई.
दुनियाभर में बढ़ाया कतर का निवेश
शेख हमद के नेतृत्व में कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (QIA) के जरिए दुनिया के कई देशों में बड़े निवेश किए गए. उनके कार्यकाल में लंदन के प्रसिद्ध हैरॉड्स डिपार्टमेंट स्टोर, फ्रांस के फुटबॉल क्लब पेरिस सेंट जर्मेन (PSG) और कई अंतरराष्ट्रीय रियल एस्टेट परियोजनाओं में निवेश किया गया, जिससे कतर की वैश्विक आर्थिक पहुंच मजबूत हुई.
खेल और कूटनीति में भी बनाई पहचान
शेख हमद के शासनकाल में कतर ने अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए. इसी का परिणाम 2022 में आयोजित फीफा विश्व कप के रूप में सामने आया.
विदेश नीति के क्षेत्र में भी उन्होंने कतर को एक प्रभावशाली भूमिका दिलाई. कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर मध्यस्थता करते हुए उन्होंने कतर को वैश्विक कूटनीति के प्रमुख केंद्रों में शामिल किया.
ये भी पढ़ें- राम मंदिर के डकैतों को सजा दिलाने के लिए रविवार को सुंदरकांड पाठ कर सिग्नेचर कैंपेन की शुरूआत करेगी ‘‘आप’’- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









