Kanpur Road Accident : उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा इलाके में नेशनल हाईवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई.
पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो में करीब आठ लोग सवार थे और वाहन फतेहपुर की ओर जा रहा था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी. इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे ट्रक से जा भिड़ी.
वाहन के अंदर कई लोग फंसे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद वाहन के अंदर कई लोग बुरी तरह फंस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायल लोग दर्द से कराहते हुए मदद का इंतजार करते रहे.
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची. कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा. काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकालकर कांशीराम अस्पताल भेजा गया.
दो मासूम बच्चों समेत तीन की मौत
इस हादसे में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें- ईरान में ट्रंप को लेकर भड़की भीड़, अंतिम संस्कार में खुलेआम दी गई जान से मारने की धमकी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







