IMD Weather Update : देश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार (14 जुलाई) को मानसून सक्रिय रहने की संभावना है, लेकिन बारिश का असर सभी राज्यों में एक जैसा नहीं रहेगा. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में आज सबसे ज्यादा बारिश होने की उम्मीद है. वहीं उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में मानसून कमजोर पड़ने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
IMD के मुताबिक बिहार के कई जिलों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, ओडिशा और झारखंड में भी कई स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है. सिक्किम में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.
उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है. वहीं मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी.
यूपी में बढ़ेगी उमस
उत्तर प्रदेश में फिलहाल कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है. बंगाल की खाड़ी से बना डिप्रेशन पूर्वी उत्तर प्रदेश पहुंचने के बाद कमजोर हो गया है. इसके चलते अगले तीन से चार दिनों तक अधिकांश इलाकों में केवल हल्की या छिटपुट बारिश की संभावना है. मौसम गतिविधियां कम रहने से उमस बढ़ेगी और तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है. सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री और न्यूनतम 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
राजस्थान में एक सप्ताह कमजोर रहेगा मानसून
राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने का अनुमान है. इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है. हालांकि 14 और 15 जुलाई को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं जोधपुर और बीकानेर संभाग के ज्यादातर क्षेत्रों में पूरे सप्ताह बारिश की गतिविधियां सीमित रहने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें – लाल किला कार बम धमाका: अदालत ने 11 पीड़ितों के शवों के अंतिम संस्कार की दी अनुमति, NIA से मांगी रिपोर्ट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप






