Gurugram Murder Case : दिल्ली से सटे गुरुग्राम में रविवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई. पुलिस के अनुसार, एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी महिला मित्र की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
घटना का खुलासा तब हुआ, जब उत्तर प्रदेश निवासी इशाका से उसके परिवार का संपर्क नहीं हो पाया. लगातार फोन करने के बावजूद जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाना पुलिस को सूचना दी.
फ्लैट में मिला खून से लथपथ शव
सूचना मिलने के बाद पुलिस सेक्टर-55 स्थित युवती के किराए के फ्लैट पर पहुंची. दरवाजा खुलवाकर अंदर जाने पर इशाका का शव खून से लथपथ मिला. शुरुआती जांच में सामने आया कि उस पर कई बार चाकू से हमला किया गया था. इसके बाद फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से पहले 25 वर्षीय श्रेष्ठ मलिक, जो छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला था, युवती से मिलने उसके फ्लैट पर आया था. पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, तभी सूचना मिली कि गुरुग्राम के रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला है.
शव श्रेष्ठ मलिक का निकला
पहचान होने पर शव श्रेष्ठ मलिक का निकला. पुलिस का कहना है कि उसने कथित तौर पर युवती की हत्या करने के बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली.
दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है. सेक्टर-56 थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. घटना के कारणों का पता लगाने के लिए दोनों के कॉल रिकॉर्ड और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें- ईरान में ट्रंप को लेकर भड़की भीड़, अंतिम संस्कार में खुलेआम दी गई जान से मारने की धमकी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









