
Rajasthan Road Accident : राजस्थान के बालोतरा जिले में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा एनएच-125 पर भांडियावास गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे डंपर से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
जानकारी के अनुसार, हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी. इसके बाद घायलों और मृतकों को निजी एम्बुलेंस की मदद से बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल पहुंचाया गया.
इलाज के दौरान दो युवकों की मौत
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जोधपुर रेफर किया गया. इलाज के दौरान इनमें से दो और युवकों की मौत हो गई. फिलहाल तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है.
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक बायतू के कानोड़ गांव के रहने वाले थे. मृतकों की पहचान रेवांताराम, स्वरूपाराम, भरत, किशन और भावेश के रूप में हुई है. वहीं घायल बाबू, मुकेश और हेमाराम अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार चल रहा है.
अस्पताल में लोगों की भीड़ जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई. परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और घायलों तथा मृतकों की जानकारी लेते रहे.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि स्कॉर्पियो पहले किसी अज्ञात वाहन से टकराई, जिसके बाद अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर से जा भिड़ी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है. हादसे के कारणों की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें – पंजाब में एस.आई.आर. अभियान को रफ्तार, दो दिवसीय शिविरों में 30 लाख से अधिक गणना प्रपत्र जमा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









