Uttar Pradeshधर्मराज्य

राम मंदिर परिसर में प्रशासनिक बदलाव की तैयारी, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए नई टीमों के गठन पर जोर

Ayodhya Ram Mandir : अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि परिसर की व्यवस्थाओं को अधिक सुचारु, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव की तैयारी की जा रही है। मंदिर परिसर में अलग-अलग व्यवस्थाओं का संचालन कर रही समितियों में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आने वाले समय में कई अहम जिम्मेदारियां नए लोगों को सौंपी जा सकती हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मंदिर परिसर से जुड़ी कई प्रमुख व्यवस्थाओं जैसे धार्मिक आयोजनों का संचालन, साफ-सफाई, पार्किंग व्यवस्था, लॉकर सुविधा, श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास, प्रसाद वितरण समेत अन्य कार्यों की समीक्षा की जा रही है। इन व्यवस्थाओं में जुड़े कई कर्मचारियों और जिम्मेदार लोगों की भूमिकाओं में बदलाव किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि हालिया घटनाक्रम के बाद मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। इसके बाद समितियों के पुनर्गठन का फैसला लिया गया है। नई व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और हर विभाग की जिम्मेदारी स्पष्ट करना है।

कंट्रोल रूम के लिए गठित होगी नई टीम

मंदिर परिसर के कंट्रोल रूम से सूचनाओं के बेहतर समन्वय के लिए नई टीम तैयार की गई है। सूत्रों के अनुसार, इस टीम की जिम्मेदारी सोमेश को दी गई है, जिन्हें गोपाल राव का करीबी बताया जा रहा है। वहीं, रिटायर्ड सैन्यकर्मी केके तिवारी को भी इस व्यवस्था से जोड़ा गया है।

22 जुलाई को होने वाली बैठक में समितियों के संचालन और कार्यप्रणाली को लेकर नई गाइडलाइन तय की जाएगी। नई टीमों के गठन में अनुभव, अनुशासन और कार्यक्षमता को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और समीक्षा के लिए नई प्रणाली लागू करने की तैयारी है।

चढ़ावे की गणना के लिए अब केवल 10 कर्मी सक्रिय

राम मंदिर में आने वाले चढ़ावे की गणना व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। वर्तमान में चढ़ावे की गिनती के लिए केवल 10 कर्मचारी ही काम कर रहे हैं। इससे पहले इस कार्य में 40 कर्मी लगे हुए थे।

चढ़ावा चोरी मामले के सामने आने के बाद छह गणना कर्मियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 24 कर्मचारियों ने काम पर आना बंद कर दिया है। पिछले तीन दिनों से सिर्फ 10 कर्मी ही चढ़ावे की गणना का कार्य संभाल रहे हैं। बताया जा रहा है कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) जल्द ही नए गणना कर्मियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर सकता है।

15 अगस्त तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश

राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों और भविष्य की योजनाओं को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर अलग-अलग बैठकों में समीक्षा की गई है।

पहली बैठक मंदिर परिसर में हुई, जिसमें निर्माण से जुड़े कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई। कार्यदायी संस्थाओं को अधिकतम 15 अगस्त तक जरूरी काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य रूप से एलएंडटी और टीसीई को आवश्यक प्रमाणन प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया है, क्योंकि निर्माण कार्यों से जुड़ी उनकी दो साल की डिफेक्ट लायबिलिटी अवधि निर्धारित है। मंदिर निर्माण समिति अब केवल मंदिर तक सीमित नहीं रहकर पूरे क्षेत्र को विश्वस्तरीय स्वरूप देने की योजना पर काम कर रही है।

रामकथा संग्रहालय में बनेगी नई गैलरी

रामकथा संग्रहालय में हुई दूसरी बैठक में कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा हुई। नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि भगवान राम की यात्राओं और उनसे जुड़ी नदियों को दर्शाने के लिए एक नई गैलरी तैयार की जाएगी।

इस गैलरी में इमर्सिव टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे दर्शकों को वास्तविक अनुभव जैसा एहसास हो सके। इसमें भगवान राम के वनगमन से जुड़ी प्रमुख नदियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसकी शुरुआत सरयू नदी से होगी और यात्रा का समापन गुप्तार घाट पर केंद्रित रहेगा।

दिव्य दर्शनगैलरी से मिलेगा नया अनुभव

म्यूजियम में ‘दिव्य दर्शन’ नाम से एक विशेष गैलरी बनाने का निर्णय भी लिया गया है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को रामलला मंदिर से जुड़ी यात्रा का एक अलग अनुभव देना है।

नृपेंद्र मिश्र के अनुसार, मंदिर में भीड़ के कारण श्रद्धालुओं को कम समय में दर्शन पूरा करना पड़ता है। ऐसे में म्यूजियम में एक ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी, जहां लोग थ्री-डी डिस्प्ले और इमर्सिव तकनीक के माध्यम से रामलला मंदिर के ग्राउंड फ्लोर से कुबेर टीला तक की यात्रा को अनुभव कर सकेंगे।

यह पूरा प्रोजेक्ट फिल्मिंग और आधुनिक तकनीक पर आधारित होगा। चार महीने में इसे पूरा करने की योजना है। उम्मीद है कि जल्द ही फोटोग्राफी का काम शुरू कर दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें – राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: सुप्रीम कोर्ट ने ट्रस्ट को भेजा नोटिस, SIT से मांगी स्टेटस रिपोर्ट

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button