
Sonam Wangchuk hunger strike : नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 28 जून 2026 से ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के साथ भारत के एक जाने-माने इंजीनियर, शिक्षा सुधारक और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर बैठे हैं। आज 19 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक की स्थिति अब गंभीर होती जा रही है। उनकी स्वास्थ्य और सुरक्षा की मांग को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में राकेश कुमार सैनी नामक वकील और कार्यकर्ता ने पीआईएल (PIL) दायर की थी। जिस पर कल कोर्ट ने सुनवाई की।
दायर पीआईएल पर सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने सोनम वांगचुक के लिए चिंता जाहिर की और केंद्र सरकार से उनकी स्वास्थ्य निगरानी को लेकर जानकारी मांगी। हाईकोर्ट ने पूछा कि क्या वांगचुक की स्वास्थ्य जांच के लिए कोई तय व्यवस्था मौजूद है।
सरकार ने कोर्ट को दी स्वास्थ्य जांच की जानकारी
वहीं केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को बताया कि इस मामले में पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक की रोजाना स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है और उनकी सेहत से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां उन्हें तथा उनके साथ मौजूद लोगों को नियमित रूप से दी जाती हैं।
सरकार की ओर से यह भी बताया गया कि जब-जब सोनम वांगचुक ने अनुमति दी, सरकारी डॉक्टरों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके अलावा निजी डॉक्टर भी समय-समय पर उनकी जांच के लिए पहुंचे हैं।
हाईकोर्ट ने नियमित सरकारी मेडिकल जांच के दिए निर्देश
केंद्र सरकार की ओर से जवाब मिलने के बाद अदालत ने निर्देश दिया कि उनकी नियमित जांच सरकारी डॉक्टरों से कराई जाए और डॉक्टरों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आवश्यकता पड़ने पर तुरंत उचित कदम उठाए जाएं।
कोर्ट ने कहा कि हर नागरिक का जीवन बहुमूल्य है और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य की जिम्मेदारी है। इसलिए यदि डॉक्टर किसी तरह की चिकित्सकीय जरूरत बताते हैं तो बिना देरी के आवश्यक हस्तक्षेप किया जाना चाहिए।
केंद्र सरकार ने दिया पूरा सहयोग का भरोसा
सॉलिसिटर जनरल ने अदालत के निर्देशों से सहमति जताते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का जीवन अनमोल है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि डॉक्टरों की सलाह के अनुसार सोनम वांगचुक को हर आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
अदालत ने सरकार के रुख की सराहना
सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि यह जनहित याचिका सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए दायर की गई है। इस पर केंद्र सरकार ने अदालत को आश्वस्त किया कि सरकारी डॉक्टरों और संबंधित विशेषज्ञों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखेगी तथा डॉक्टरों की सलाह के अनुरूप सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
सरकार के इस आश्वासन पर संतोष जताते हुए हाईकोर्ट ने कहा कि यदि चिकित्सकीय रिपोर्ट में आवश्यकता सामने आती है तो वांगचुक की स्थिति को संभालने के लिए समय रहते उचित कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें – 19 छात्रों ने हासिल किए 700 से अधिक अंक, 58 प्रतिशत लड़कियां हुईं सफल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









