Madhya Pradeshराज्य

उज्जैन में खूनी संघर्ष, गोलीबारी में दो सगे भाइयों की मौत, मुख्य आरोपी शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार

Ujjain Firing Case : मध्य प्रदेश के उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों, तलवारों और पत्थरों के बाद ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई. इस घटना में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं.

पुलिस के अनुसार, गोरकर और पासी परिवार के बीच होली के समय से विवाद चल रहा था. शनिवार रात करीब 11 बजे हमलावरों ने लोकेश गोरकर को उसके घर के बाहर घेर लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. इसी दौरान पासी पक्ष की ओर से चार राउंड फायरिंग की गई. गोली लगने से लोकेश गोरकर की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उसे बचाने पहुंचे उसके भाई जय समेत परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए. जय की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई.

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी नरेश पासी को रविवार सुबह शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी है. फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

होली के विवाद से जुड़ा है मामला

एडिशनल एसपी गुरु प्रसाद पराशर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, होली के दौरान एक महिला को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था. उस समय पुलिस ने मामला शांत करा दिया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा, जिसने अब हिंसक रूप ले लिया.

पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें- अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 8 लोगों की मौत, 15 से ज्यादा घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button