Delhi NCR

मालवीय नगर होटल अग्निकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, कुक केशव नेगी गिरफ्तार

Fire Incident Delhi : दिल्ली के मालवीय नगर में स्थित फ्लरिश स्टे होटल में हुए दर्दनाक अग्निकांड की जांच में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. इस मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो होटल में रसोइये के तौर पर काम करता था. जांच अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती पड़ताल में उसकी लापरवाही को भी आग लगने की संभावित वजहों में शामिल माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना की पूरी कड़ी को जोड़ा जा सके.

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान केशव नेगी के रूप में की है. वह बीएंडबी के तहत काम करने वाला शेफ बताया जा रहा है. उसके पिता का नाम बखावर नेगी है और उसकी उम्र 65 वर्ष है. वह दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके का रहने वाला है. उससे लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है.

घायलों का अस्पतालों में इलाज जारी

बता दें कि यह हादसा बुधवार को फ्लरिश स्टे होटल में हुआ था, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है. मृतकों और घायलों में कुछ विदेशी नागरिकों के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि होटल में ठहरे कई लोग पास के मैक्स अस्पताल में इलाज करा रहे अपने परिजनों के कारण वहां मौजूद थे.

सुरक्षा नियमों की अनदेखी का मामला

इस घटना के बाद पुलिस ने होटल के मालिक लवकेश बजाज को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. लवकेश पर होटल संचालन में गंभीर लापरवाही और सुरक्षा नियमों की अनदेखी के आरोप हैं. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है, जिसमें शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या सिलेंडर ब्लास्ट को संभावित कारण माना जा रहा है.

बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना के लाइसेंस पर रोक

हादसे के बाद प्रशासन ने दिल्ली के सभी B&B और गेस्ट हाउस की जांच तेज कर दी है. अधिकारियों ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना के लाइसेंस जारी करने पर भी फिलहाल रोक लगा दी गई है, क्योंकि कई जगहों पर इसके दुरुपयोग की शिकायतें सामने आई थीं, जहां निर्धारित सीमा से ज्यादा कमरों में अवैध रूप से संचालन किया जा रहा था.

ये भी पढ़ें- लोनधारकों के लिए बड़ी खबर, RBI ने Repo Rate में नहीं किया कोई बदलाव, महंगाई बढ़ने की जताई आशंका

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button