LPG Cylinder Price Hike : देश में महंगाई की मार एक बार फिर आम लोगों की जेब पर पड़ी है. रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं. दूध, पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के बाद अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर भी महंगा हो गया है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गैस कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी की है, जिसके बाद दिल्ली-एनसीआर में 14.2 किलो वाले सिलेंडर का नया दाम 942 रुपये हो गया है.
5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 339 रुपये तय की गई है. वहीं 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,113 रुपये 50 पैसे पर स्थिर बनी हुई है.
कमर्शियल सिलेंडर 42 रुपये और महंगा
पिछले कुछ समय से पेट्रोल-डीजल के दामों में उतार-चढ़ाव के साथ ही एलपीजी के रेट बढ़ने की संभावना जताई जा रही थी. हालांकि 28 फरवरी को शुरू हुए ईरान संघर्ष के कारण सप्लाई पर असर के बावजूद घरेलू सिलेंडर के दाम उस समय नहीं बढ़ाए गए थे. इसके बाद 1 मई को कमर्शियल सिलेंडर के दामों में बदलाव किया गया था, जिसमें 993 रुपये तक की कीमत पहुंची थी और 5 किलो वाले सिलेंडर में 261 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी. आगे चलकर 1 जून को भी कमर्शियल सिलेंडर 42 रुपये और महंगा हुआ था.
एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि देश में एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है. किसी भी रिटेल गैस एजेंसी पर गैस की कमी जैसी स्थिति नहीं है. मंत्रालय ने यह भी बताया कि जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है.
कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार भी उपलब्ध
सरकार के अनुसार, होर्मुज संकट के बावजूद देश में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की आपूर्ति को बिना बाधा जारी रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता पर काम कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार भी उपलब्ध है. साथ ही घरेलू स्तर पर एलपीजी उत्पादन को भी बढ़ाया गया है.
बुकिंग अब 99 प्रतिशत तक
सरकारी जानकारी के मुताबिक, एलपीजी की ऑनलाइन बुकिंग अब 99 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजे गए ऑथेंटिकेशन कोड के जरिए लगभग 95 प्रतिशत डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि वितरण प्रणाली में किसी तरह की गड़बड़ी या हेराफेरी को रोका जा सके.
ये भी पढ़ें- ‘पेड्डी’ में जाह्नवी का लुक बना बहस का मुद्दा, कपड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर हुई ट्रोल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








