Bihar Politics : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने आवास पर आम लोगों से मुलाकात करते नजर आए। इस दौरान एक युवक ने उन्हें अयोध्या में भगवान श्रीराम की तस्वीर भेंट की, जिसे उन्होंने सम्मानपूर्वक स्वीकार करते हुए प्रणाम किया। मुलाकात के दौरान एक बुजुर्ग दंपति भावुक होकर मुख्यमंत्री के पास पहुंचा और अपनी परेशानी बताई। सम्राट चौधरी ने उनकी बात ध्यान से सुनते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
मौजूदा राजनीतिक हालातों पर हुई चर्चा
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर सम्राट चौधरी से मुलाकात की। करीब 20 मिनट तक चली इस बातचीत में राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालातों पर चर्चा हुई। मुलाकात के बाद नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए नजर आए और जाते समय उन्होंने सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ भी रखा। नीतीश कुमार ने डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव से भी मुलाकात की।
राज्य में शराबबंदी जारी रहेगी
इसी बीच बिहार में नई सरकार के गठन के बाद शराबबंदी को लेकर बहस तेज हो गई है। कई नेताओं द्वारा इसे खत्म करने की मांग उठाई जा रही है, लेकिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया है कि राज्य में शराबबंदी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि इस नीति की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सराहना कर चुके हैं, ऐसे में इसे वापस लेने का कोई सवाल नहीं है।
माधव आनंद ने भी राजस्व नुकसान
मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने शराबबंदी पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसके बावजूद लोग शराब का सेवन कर रहे हैं और गलत तरीकों से नशा कर रहे हैं। वहीं आरएलएम विधायक माधव आनंद ने भी राजस्व नुकसान का हवाला देते हुए इस नीति की समीक्षा की मांग की।
कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ बैठक
इसके अलावा, नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की चर्चाओं पर सम्राट चौधरी ने कहा कि यदि वे भविष्य में मंत्रिमंडल में शामिल होते हैं तो यह खुशी की बात होगी, लेकिन यह निर्णय पूरी तरह नीतीश कुमार और उनके परिवार पर निर्भर करता है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज सचिवालय में कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा भी करेंगे।
ये भी पढ़ें- अखिलेश vs स्मृति : शायराना वार से सियासी संग्राम, गोरखपुर से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









