Abhijeet Dipke Arrest : कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उन्हें आज दोपहर 12 बजे स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं, इसी मामले में हिरासत में ली गई AISA अध्यक्ष नेहा बोरा को शनिवार सुबह रिहा कर दिया गया।
दीपके को शुक्रवार को कनॉट प्लेस में आयोजित होने वाली ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली से पहले हिरासत में लिया गया था। पिछले 8 दिनों में उनके खिलाफ यह दूसरी बार पुलिस कार्रवाई हुई है। इससे पहले 10 अक्टूबर को उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान से हिरासत में लिया गया था, लेकिन अगले दिन उन्हें रिहा कर दिया गया था।
संसद मार्ग और जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग
इसी मामले में AISA अध्यक्ष नेहा बोरा समेत करीब 150 लोगों को शुक्रवार को हिरासत में लिया गया था। दिल्ली पुलिस ने शनिवार सुबह करीब 5 बजे नेहा बोरा को रिहा कर दिया। पुलिस के अनुसार, दिल्ली पुलिस एक्ट की धारा 65 के तहत हिरासत से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें छोड़ा गया। फिलहाल, दिल्ली में कनॉट प्लेस, संसद मार्ग और जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग की गई है, हालांकि सड़कों पर यातायात सामान्य रूप से जारी है।
कल यानि शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। नेहा बोरा को भी पुलिस हिरासत में लिया गया था। वह कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।इससे पहले 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने पर उन्हें हिरासत में लिया गया था और बाद में रिहा कर दिया गया था।
पुलिसकर्मियों से हिरासत की वजह पूछी
जानकारी के मुताबिक, दीपके जैसे ही अपने ठहरने के स्थान से बाहर निकले, पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से हिरासत में लेने की वजह पूछी। पुलिस ने उन्हें निवारक कार्रवाई के तहत हिरासत में लेने की बात कही। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई, जब CJP की ओर से शुक्रवार शाम पांच बजे तिरंगा कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की गई थी।
तिरंगा फहराने का बताया था कार्यक्रम
इससे पहले दिल्ली पुलिस की टीम झंडेवालान स्थित उस आवास पर पहुंची थी, जहां दीपके ठहरे हुए थे। पुलिस ने उन्हें प्रस्तावित मार्च नहीं निकालने का नोटिस दिया था। इस दौरान दीपके और पुलिस के बीच बातचीत हुई। दीपके ने कार्यक्रम को रैली या विरोध प्रदर्शन मानने पर आपत्ति जताई थी और इसे तिरंगा फहराने का कार्यक्रम बताया था।
प्रदर्शनों के आचरण को लेकर भी चिंता
नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किए गए हैं। पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति और सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़े नियमों का हवाला देते हुए कार्रवाई की। अधिकारियों ने CJP के पिछले प्रदर्शनों के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी नोटिस में बताई। पुलिस के अनुसार, जुलाई और अक्टूबर में हुए प्रदर्शनों के आचरण को लेकर भी चिंता जताई गई थी।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
CJP ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ कार्यक्रम का ऐलान किया था। पार्टी का यह कार्यक्रम मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और हिरासत में लिए गए पार्टी सदस्यों के समर्थन से जुड़ा बताया गया है। कार्यक्रम से पहले इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई और प्रशासन ने भीड़ जुटने से रोकने के लिए कदम उठाए।
ये भी पढ़ें- पंजाब में नशे के खिलाफ भगवंत मान का बड़ा एक्शन, पुलिस को मिलेंगे 117 नए वाहन, नशे का खात्मा सरकार का सबसे बड़ा लक्ष्य
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









