राष्ट्रीय

RBI ला रहा है नया फीचर, एक क्लिक में बंद होंगे सभी डिजिटल पेमेंट, रुकेगा ऑनलाइन फ्रॉड

Digital Payment : डिजिटल बैंकिंग के दौर में ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं. साइबर ठग कभी फर्जी लिंक तो कभी कॉल और दूसरी तकनीकों के जरिए लोगों के बैंक खातों तक पहुंच बना रहे हैं. इसी खतरे से ग्राहकों को बचाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने नए सुरक्षा उपायों का प्रस्ताव रखा है. इसके तहत बैंक खाताधारकों को ‘Stop Switch’ की सुविधा मिल सकती है. इसकी मदद से धोखाधड़ी का संदेह होने पर ग्राहक एक बटन दबाकर अपने खाते से होने वाले नए डिजिटल डेबिट ट्रांजैक्शन रोक सकेंगे.

RBI के प्रस्ताव के मुताबिक, इस सुविधा को चालू करते ही खाते से होने वाले नए डिजिटल पेमेंट बंद हो जाएंगे. नए पेमेंट मैंडेट, स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शन और थर्ड पार्टी ऐप पर नए UPI रजिस्ट्रेशन भी नहीं हो सकेंगे. हालांकि, खाते में पैसे प्राप्त करने पर रोक नहीं लगेगी. पहले से तय EMI, ऑटो पेमेंट और बैंक चार्ज जैसी कटौतियां भी जारी रहेंगी. इस सुविधा को दोबारा शुरू करने के लिए बैंक ग्राहक की पहचान सत्यापित करेंगे. इसके बाद कूलिंग पीरियड भी रखा जा सकता है.

ग्राहक खुद तय करेंगे पेमेंट की लिमिट

RBI ने ग्राहकों को डिजिटल लेनदेन पर ज्यादा नियंत्रण देने का प्रस्ताव भी दिया है. इसके तहत ग्राहक एक ट्रांजैक्शन, किसी खास व्यक्ति और पूरे दिन के डिजिटल भुगतान की सीमा तय कर सकेंगे. डेबिट, क्रेडिट और प्रीपेड कार्ड के जरिए ATM, POS मशीन, ऑनलाइन और कॉन्टैक्टलेस पेमेंट की लिमिट भी निर्धारित की जा सकेगी. घरेलू और अंतरराष्ट्रीय लेनदेन को अलग-अलग चालू या बंद करने का विकल्प भी मिलेगा.

बड़े ट्रांजैक्शन पर भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी

RBI ने Trusted Person Mechanism (TPM) का प्रस्ताव भी रखा है. इसके तहत ग्राहक 18 साल या उससे अधिक उम्र के किसी व्यक्ति को अपना भरोसेमंद व्यक्ति चुन सकेंगे. तय सीमा से ज्यादा रकम भेजने पर उस व्यक्ति को ट्रांजैक्शन की जानकारी मिलेगी. मंजूरी देने के लिए एक घंटे का समय होगा. इनकार करने या निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर भुगतान रद्द हो जाएगा. यह सुविधा वैकल्पिक होगी और इसके लिए दोनों पक्षों की सहमति जरूरी होगी.

RBI ने इन प्रस्तावों पर 14 दिसंबर 2026 तक सुझाव मांगे हैं. अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ये सुविधाएं 1 जुलाई 2027 से लागू हो सकती हैं. वहीं, बैंक की लापरवाही से जुड़े प्रस्तावित नियम 1 जनवरी 2027 से लागू करने की योजना है. इनमें मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, ट्रांजैक्शन अलर्ट और फ्रॉड की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई जैसी जिम्मेदारियां शामिल हैं.

ये भी पढ़ें – पार्टी स्थापना दिवस पर मोगा से AAP का चुनावी आगाज, केजरीवाल-मान के साथ मंच पर दिखेंगे 71 उम्मीदवार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button