India Nepal Relations : नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा पर दोनों देशों की निगाहें टिकी हैं. प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला विदेश दौरा है और इसकी शुरुआत भी भारत से हुई है. दो दिवसीय यात्रा के दौरान ऊर्जा, व्यापार, रेलवे, कनेक्टिविटी और तकनीक जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत हो रही है. सोमवार (23 नवंबर) को बालेन शाह की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात प्रस्तावित है. इस बैठक में कई महत्वपूर्ण समझौतों पर मुहर लग सकती है. सबसे ज्यादा चर्चा अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल संपर्क को लेकर है, जिसकी घोषणा होने की उम्मीद जताई जा रही है.
बालेन शाह रविवार को नई दिल्ली पहुंचे, जहां केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया. इसके बाद उनकी मुलाकात विदेश मंत्री एस. जयशंकर से हुई. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारत-नेपाल की विशेष मित्रता का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अपने पड़ोसी देश के साथ संबंधों को काफी महत्व देता है.
नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच व्यापार, पारगमन, ऊर्जा, संस्कृति, शिक्षा और कनेक्टिविटी जैसे विषयों पर चर्चा हुई. अब सोमवार को मोदी और शाह के बीच होने वाली बैठक को इस यात्रा का सबसे अहम पड़ाव माना जा रहा है.
भारत से 2 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज की उम्मीद
इस यात्रा में नेपाल की ओर से भारत के सामने आर्थिक सहायता का बड़ा प्रस्ताव भी रखा गया है. नेपाल ने करीब 2 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज की मांग की है. इसमें अगस्त में भोटे कोशी इलाके में आई अचानक बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए 1 अरब डॉलर की सहायता शामिल है. इसके अलावा नेपाल काठमांडू-महेंद्रनगर हवाई मार्ग को दोनों दिशाओं में संचालित करने की अनुमति भी चाहता है. फिलहाल इस मार्ग से नेपाल से बाहर जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को ही अनुमति है.
35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी पहुंचा भारत
बालेन शाह के साथ 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भारत आया है. इसमें विदेश मंत्री शिशिर खनाल, वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, वरिष्ठ अधिकारी और कारोबारी प्रतिनिधि शामिल हैं. यात्रा के दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन होगा, जहां नेपाल की ओर से भारतीय कंपनियों से निवेश बढ़ाने की अपील किए जाने की उम्मीद है.
दोनों देशों के बीच ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और व्यापारिक सहयोग को आगे बढ़ाने के साथ कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है. अब सबकी नजरें मोदी और बालेन शाह की बैठक पर हैं, जिससे भारत-नेपाल संबंधों की दिशा को लेकर महत्वपूर्ण संकेत मिल सकते हैं.
ये भी पढ़ें – योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी, विकसित होगा यूपी-एमसीईआई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









