Punjab

बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट 30 सितंबर 2027 तक मुफ्त, स्कूलों में लगेंगे विशेष कैंप, UIDAI की अभिभावकों से अपील

Aadhaar Update : अगर आपके घर में 5 से 17 साल की उम्र के बच्चे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. बच्चों के आधार कार्ड से जुड़ा एक ऐसा काम है, जिसे समय पर पूरा नहीं कराने पर भविष्य में कई जरूरी सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी हो सकती है. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट को लेकर माता-पिता और अभिभावकों से खास अपील की है. राहत की बात यह है कि अब इस प्रक्रिया को 30 सितंबर 2027 तक बिल्कुल मुफ्त कराया जा सकता है.

UIDAI के मुताबिक, बच्चों के बड़े होने के साथ उनके उंगलियों के निशान, आंखों की आइरिस और चेहरे की बनावट में बदलाव आता है. इसी वजह से आधार में बायोमेट्रिक जानकारी अपडेट रखना जरूरी है. इसके लिए 5 साल की उम्र में पहला और 15 साल की उम्र में दूसरा अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) कराया जाता है.

स्कूलों में ही मिलेगी अपडेट की सुविधा

UIDAI ने 5 से 17 साल तक के बच्चों के लिए 30 सितंबर 2027 तक अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट मुफ्त कर दिया है. इसके लिए स्कूलों में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं. यानी माता-पिता बच्चों के स्कूल में ही बिना कोई शुल्क दिए यह प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं. कैंप की तारीख और समय की जानकारी स्कूल के प्रिंसिपल या प्रशासन से ली जा सकती है.

आधार अपडेट नहीं होने पर कहां होगी परेशानी?

UIDAI के अनुसार, समय पर बायोमेट्रिक अपडेट नहीं होने से भविष्य में आधार प्रमाणीकरण में दिक्कत आ सकती है. इसका असर शैक्षणिक प्रक्रियाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्तियों और आधार आधारित दूसरी सेवाओं का लाभ लेने पर पड़ सकता है.

माता-पिता चाहें तो नजदीकी आधार सेवा केंद्र या किसी अधिकृत आधार केंद्र पर भी बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट करा सकते हैं. UIDAI के आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन संचालित होते हैं. ऐसे में अभिभावकों के पास अपने बच्चों का आधार रिकॉर्ड सही रखने और मुफ्त सुविधा का लाभ उठाने के लिए 30 सितंबर 2027 तक का समय है.

ये भी पढ़ें – योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी, विकसित होगा यूपी-एमसीईआई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button