Punjab News : पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य की सरकारी स्कूल शिक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाने के लिए जल्द ही मास्टर कैडर शिक्षकों की भर्ती शुरू करेगी, उन्होंने कहा कि इस भर्ती से जहां शिक्षण कार्यों को मजबूती मिलेगी, वहीं विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सहायता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हो सकेगी.
शिक्षा मंत्री ने यह घोषणा चंडीगढ़ में मास्टर कैडर यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक के दौरान की. इस बैठक में जलालाबाद के विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी और फाजिल्का के विधायक नरेंद्र पाल सिंह सवना भी उपस्थित थे. शिक्षा मंत्री ने यूनियन के प्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि उनकी सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा.
पंजाब में 71 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दीं
यूनियन के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि शिक्षकों और शिक्षा प्रणाली के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी जायज मुद्दों का समाधान नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार किया जाएगा.
राज्य सरकार की रोजगार सृजन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा, “मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार अब तक युवाओं को 71,000 से अधिक सरकारी नौकरियां प्रदान कर चुकी है. उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने और सार्वजनिक संस्थानों को लगातार मजबूत बनाने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता पूरी तरह दृढ़ है.”
उन्होंने कहा, “मास्टर कैडर शिक्षकों की भर्ती से सरकारी स्कूलों में शिक्षण कार्यों को बड़ी मजबूती मिलेगी. विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक सहायता और पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए पर्याप्त शिक्षण स्टाफ का होना बेहद जरूरी है.”
शिक्षा क्रांति से बदल रहे स्कूल
राज्य की प्रमुख पहल ‘शिक्षा क्रांति’ के तहत इस भर्ती अभियान के महत्व पर जोर देते हुए कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा, “मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार आधुनिक बुनियादी ढांचे, स्मार्ट कक्षाओं, बेहतर शिक्षण परिणामों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित करके सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदल रही है. शिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाना भी इसी बदलाव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है.”
उन्होंने आगे कहा कि सरकारी स्कूलों को अभिभावकों की पहली पसंद बनाने के उद्देश्य से पंजाब सरकार शिक्षा क्षेत्र में लगातार संस्थागत सुधारों के लिए प्रतिबद्ध है, उन्होंने कहा कि मास्टर कैडर शिक्षकों की प्रस्तावित भर्ती पर्याप्त शिक्षण स्टाफ सुनिश्चित करके और पंजाब की संपूर्ण शिक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाकर इस सोच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
ये भी पढ़ें – पंजाब की जसप्रीत कौर इलेक्ट्रिकल ट्रेड में देशभर में अव्वल, मान सरकार देगी 25-25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









