विदेश

ईरान का अमेरिका पर बड़ा पलटवार, बहरीन से होर्मुज तक मचा हड़कंप, तेल टैंकरों पर हमले से बढ़ी चिंता

Iran America War : पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. अब इस टकराव का असर खाड़ी क्षेत्र के सैन्य ठिकानों और समुद्री रास्तों पर भी दिखाई देने लगा है. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर तैनात दो पैट्रियट एयर डिफेंस रडार सिस्टम को मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया है. ईरान ने इसे अपने हवाई क्षेत्र के कथित उल्लंघन और हेंगम द्वीप पर अमेरिकी हमले का जवाब बताया है.

IRGC के मुताबिक, बहरीन के अल-रफा और अवाली एयरबेस पर अमेरिकी वायु रक्षा रडार प्रणालियों को निशाना बनाया गया. वहीं, बहरीन के अधिकारियों ने एक औद्योगिक प्रतिष्ठान पर हमले की पुष्टि की है. यहां आग लगने के बाद दमकल और नागरिक सुरक्षा दल मौके पर पहुंचे. हालांकि, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. बाद में प्रशासन ने खतरे का अलर्ट वापस ले लिया.

होर्मुज में तेल टैंकरों पर हमले

समुद्री क्षेत्र में भी हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं. ईरानी नौसेना के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में एक तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया, जिससे उसमें आग लग गई. वहीं, ब्रिटेन की समुद्री एजेंसी ने ओमान के खासाब क्षेत्र के आसपास दो अन्य तेल टैंकरों पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमले की जानकारी दी है.

अमेरिकी ड्रोन गिराने का दावा

IRGC ने होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर अमेरिकी MQ-9 और MQ-1 प्रीडेटर ड्रोन को मार गिराने का दावा भी किया है. उधर, ईरानी संसद के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने चेतावनी दी है कि ईरान के बुनियादी ढांचे पर हमला हुआ तो इजरायली ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा.

दूसरी तरफ सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूती विद्रोहियों की ओर से दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को नष्ट करने का दावा किया है. वहीं, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि शर्तें स्वीकार होने पर होर्मुज जलडमरूमध्य खोला जा सकता है, लेकिन 60 प्रतिशत संवर्धित यूरेनियम का भंडार किसी दूसरे देश में भेजने पर ईरान सहमत नहीं है.

ये भी पढ़ें – योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी, विकसित होगा यूपी-एमसीईआई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button