विदेश

पन्नून की हत्या की साजिश में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को अमेरिका में 19 साल की जेल, अदालत ने सुनाई सजा

Nikhil Gupta : अमेरिका में खालिस्तानी समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नून की हत्या की साजिश से जुड़े मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को बड़ा झटका लगा है. न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत ने शुक्रवार को 55 वर्षीय निखिल गुप्ता को 19 साल से ज्यादा जेल की सजा सुनाई है. अदालत ने उन्हें कुल 235 महीने यानी करीब 19 साल और 7 महीने जेल में रहने का आदेश दिया. इस मामले में अमेरिकी अभियोजन पक्ष ने 24 साल की सजा की मांग की थी, लेकिन अदालत ने उससे कम सजा सुनाई.

निखिल गुप्ता ने इसी साल अपने ऊपर लगे तीन गंभीर आरोपों को स्वीकार किया था. इनमें हत्या की सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश शामिल है. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ये आरोप न्यूयॉर्क में गुरपतवंत सिंह पन्नून की हत्या की योजना से जुड़े थे.

सुनवाई के दौरान गुप्ता ने अपनी भूमिका पर पछतावा भी जताया. वहीं, पन्नून ने अदालत को बताया कि इस कथित साजिश के चलते उनकी सामान्य कानूनी गतिविधियां लंबे समय तक प्रभावित रहीं.

कैसे सामने आई हत्या की साजिश?

अमेरिकी जांच एजेंसियों के आरोपों के मुताबिक, साल 2023 में निखिल गुप्ता ने भारत और अन्य स्थानों पर मौजूद कुछ लोगों के साथ मिलकर पन्नून की हत्या की योजना बनाई थी. इस मामले में विकास यादव नाम के एक अन्य व्यक्ति का भी जिक्र सामने आया.

आरोप है कि विकास यादव के कहने पर गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह हत्या करने वाला अपराधी समझ रहा था. उसने पन्नून की हत्या के लिए शूटर तलाशने में मदद मांगी. हालांकि, जिस व्यक्ति से संपर्क किया गया था, वह अमेरिकी ड्रग्स जांच एजेंसी (DEA) का गोपनीय सूत्र था.

जांच के अनुसार, हत्या के लिए एक लाख डॉलर देने की बात हुई थी. इसके अलावा, 9 जून 2023 के आसपास 15 हजार डॉलर एडवांस के तौर पर दिए जाने का भी आरोप है.

कौन है गुरपतवंत सिंह पन्नून?

बता दें कि गुरपतवंत सिंह पन्नून अमेरिका और कनाडा की नागरिकता रखता है. वह प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) से जुड़ा है और खुद को संगठन का जनरल काउंसल बताता है. भारत सरकार ने उसे आतंकवादी घोषित कर रखा है. वह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की मोस्ट वांटेड सूची में भी शामिल है.

निखिल गुप्ता को मिली यह सजा भारत और अमेरिका के बीच चर्चा में रहे इस मामले का एक अहम घटनाक्रम है.

ये भी पढ़ें – पंजाब की जसप्रीत कौर इलेक्ट्रिकल ट्रेड में देशभर में अव्वल, मान सरकार देगी 25-25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button