विदेश

सऊदी अरब पर हूतियों का मिसाइल हमला नाकाम, रियाद की ओर दागी गईं 3 बैलिस्टिक मिसाइलें मार गिराईं

Riyadh Missile Attack : मध्य पूर्व में एक बार फिर युद्ध जैसे हालात बनने लगे हैं. यमन के हूती लड़ाकों और सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच टकराव अब सीधे सऊदी राजधानी रियाद तक पहुंचता दिखाई दे रहा है. शनिवार को रियाद में हवाई हमले का अलर्ट जारी होने के बाद लोगों में दहशत फैल गई. कुछ ही देर में दो धमाकों की आवाज सुनाई दी. सऊदी गठबंधन का दावा है कि राजधानी की तरफ बढ़ रही तीन बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया. दूसरी तरफ हूतियों ने भी सऊदी अरब के कई ठिकानों पर जवाबी हमले करने का दावा किया है.

तनाव की शुरुआत शुक्रवार को यमन में सऊदी गठबंधन की सैन्य कार्रवाई से हुई. गठबंधन ने लाल सागर के बंदरगाह शहर होदेइदा के अलावा सना, सादा और ताइज प्रांतों में हमले किए. उसका कहना है कि इन ठिकानों का इस्तेमाल हथियारों और बैलिस्टिक मिसाइलों की तस्करी के लिए किया जा रहा था.

जेद्दा से रियाद तक हमले की धमकी

सऊदी कार्रवाई के बाद हूती समूह ने जेद्दा और लाल सागर के दूसरे बंदरगाहों को निशाना बनाने की चेतावनी दी. इतना ही नहीं, रियाद के वित्तीय जिले और अल-शुकाइक पावर स्टेशन पर हमले की धमकी भी दी गई. हूती के मानवीय अभियान समन्वय केंद्र ने जेद्दा बंदरगाह से जुड़ी शिपिंग कंपनियों को ईमेल भेजकर वहां से हटने की चेतावनी दी थी.

हूती समूह का दावा है कि पिछले 24 घंटों में सऊदी गठबंधन के हमलों में 41 लोग मारे गए. वहीं, सऊदी समर्थित यमनी बलों के मुताबिक, हवाई और ड्रोन हमलों में 193 हूती लड़ाके मारे गए या घायल हुए हैं. इन आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

सऊदी हवाई क्षेत्र को लेकर एयरलाइंस को चेतावनी

सऊदी गठबंधन ने जिजान के पास दो और बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने की जानकारी दी. उनका मलबा अल-शुकाइक इलाके में गिरा. दूसरी ओर हूतियों ने जिजान बंदरगाह और अल-शुकाइक पावर स्टेशन पर हमले करने का दावा किया है.

हूती समूह ने एयरलाइंस को सऊदी हवाई क्षेत्र में संभावित सैन्य अभियानों को लेकर सतर्क किया है. हालांकि, मक्का और मदीना के ऊपर के हवाई क्षेत्र को इस चेतावनी से बाहर रखा गया है.इस बीच हूतियों को शांति के लिए एक अरब डॉलर देने के सऊदी प्रस्ताव की खबरें भी सामने आई थीं, लेकिन इस पर अभी कोई ठोस सहमति सामने नहीं आई है.

ये भी पढ़ें – मां को अंतिम विदाई देते वक्त छलके CM योगी के आंसू, कंधा देकर निभाया आखिरी फर्ज, भावुक कर देगा ये पल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button