Uttar Pradesh

CM योगी के निर्देश पर शीतलहर से निपटने की तैयारी तेज, यूपी के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों को अलर्ट

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने संभावित शीतलहर के दौरान नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं. सर्दी के मौसम में ठंड से प्रभावित मरीजों को तत्काल और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी राजकीय एवं निजी मेडिकल कॉलेजों तथा उनसे संबद्ध अस्पतालों को अलर्ट किया है. अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी चिकित्सा सेवाएं, पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ, जीवनरक्षक दवाओं और गर्म वातावरण की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

शासन की मंशा है कि शीतलहर के दौरान किसी भी मरीज को उपचार के अभाव में परेशानी न हो. इसी क्रम में महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी निर्देशों में सभी राजकीय मेडिकल कॉलेजों, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों और संबंधित चिकित्सा संस्थानों को व्यापक तैयारियां तत्काल सुनिश्चित करने को कहा गया है.

ठंड से प्रभावित मरीजों के लिए इंतजाम

निर्देशों के अनुसार, अस्पतालों के इमरजेंसी विभाग में शीतलहर से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त बेड, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और जीवनरक्षक दवाओं की 24×7 उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी. हाइपोथर्मिया (शरीर का तापमान अत्यधिक गिरना) और फ्रॉस्टबाइट (अत्यधिक ठंड से शरीर के ऊतकों को नुकसान) के लक्षणों की शीघ्र पहचान कर निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल के अनुसार तत्काल उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है.

गंभीर रूप से प्रभावित मरीजों के लिए इमरजेंसी विभाग में विशेष गर्म एवं सुरक्षित उपचार क्षेत्र यानी वार्म रूम विकसित किए जाएंगे. मरीजों को जरूरत के अनुसार गर्म कंबल और ताप संरक्षण की अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.

बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष सतर्कता

शीतलहर के दौरान नवजात शिशुओं, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, हृदय एवं श्वसन संबंधी बीमारियों से ग्रसित मरीजों की विशेष देखभाल के निर्देश दिए गए हैं. अस्पतालों के सामान्य वार्ड, आईसीयू, एनआईसीयू और पीआईसीयू सहित सभी उपचार कक्षों में ठंडी हवा से बचाव और पर्याप्त गर्म वातावरण बनाए रखने की व्यवस्था होगी. इसके लिए सुरक्षित एवं मानक अनुरूप हीटरों का उपयोग किया जाएगा. बिजली के तारों और उपकरणों की नियमित जांच के साथ अग्निशमन एवं विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को भी कहा गया है.

ये भी पढ़ें – मां को अंतिम विदाई देते वक्त छलके CM योगी के आंसू, कंधा देकर निभाया आखिरी फर्ज, भावुक कर देगा ये पल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button