Punjab News : भारत और नेपाल के रिश्तों को नई दिशा देने के लिए एक अहम कूटनीतिक मुलाकात होने जा रही है. नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दो दिवसीय राजकीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंच गए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा को दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद बालेंद्र शाह की यह पहली भारत यात्रा है. इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री के तौर पर यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है.
बालेंद्र शाह नेपाल एयरलाइंस के विमान से दिल्ली पहुंचे. उनके साथ नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यांजंकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं. नेपाल का 34 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल इस दौरे में शामिल है.
PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू से करेंगे मुलाकात
23 नवंबर को नेपाली प्रधानमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता होगी. दोनों नेता भारत-नेपाल संबंधों की समीक्षा करने के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे. वार्ता के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी. प्रधानमंत्री मोदी नेपाली प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक भोज का आयोजन भी करेंगे.
कनेक्टिविटी और ऊर्जा परियोजनाओं पर रहेगा जोर
नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के मुताबिक, यात्रा के दौरान दोनों देश कनेक्टिविटी और ऊर्जा क्षेत्र की पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. साथ ही कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी.
इसके अलावा व्यापार, परिवहन, निवेश और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर बातचीत होगी. शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी प्रस्तावित है.
भारत-नेपाल संबंधों को मिलेगी नई दिशा?
विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और नेपाल के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत जुड़ाव पर आधारित हैं. दोनों देशों के बीच ऊर्जा, जल संसाधन, व्यापार और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार आगे बढ़ा है. ऐसे में बालेंद्र शाह की इस यात्रा से दोनों पड़ोसी देशों के रिश्तों में नई पहल और साझेदारी के रास्ते खुलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें – योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी, विकसित होगा यूपी-एमसीईआई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









