Delhi Weather : दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. सुबह और रात के वक्त ठंड का असर बढ़ने लगा है, तो दूसरी तरफ जहरीली होती हवा ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. राजधानी में सोमवार सुबह हल्की धुंध और कोहरे के बीच दिन की शुरुआत हुई. मौसम विभाग के मुताबिक, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने की संभावना है, लेकिन प्रदूषण से फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही.
सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 246 दर्ज किया गया. यह खराब श्रेणी में आता है. यानी राजधानी की हवा अभी भी सांस लेने के लिहाज से अच्छी स्थिति में नहीं है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सीरीफोर्ट में प्रदूषण का स्तर सबसे ज्यादा रहा और यहां AQI 300 के पार दर्ज किया गया. इसके अलावा दिल्ली के कई दूसरे इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है.
तापमान में गिरावट, सुबह कोहरे का असर
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक था. कोहरे के कारण सफदरजंग में सुबह 6:30 बजे दृश्यता घटकर 1200 मीटर रह गई. रविवार का 24 घंटे का औसत AQI 239 दर्ज किया गया था.
तेज हवाओं से मिल सकती है प्रदूषण में राहत
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. दिन में हवा की रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. बेहतर वेंटिलेशन और तेज हवाओं के चलते दिन के समय प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आने की उम्मीद है.
हालांकि, राहत ज्यादा देर टिकने की संभावना नहीं है. शाम को हवा की रफ्तार कम होने और तापमान गिरने से ठिठुरन बढ़ सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे तक तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं, लेकिन इसके बाद रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है. ऐसे में दिल्ली-एनसीआर में आने वाले दिनों में ठंड और प्रदूषण दोनों की चुनौती बनी रह सकती है.
ये भी पढ़ें – योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी, विकसित होगा यूपी-एमसीईआई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









