राष्ट्रीय

FSSAI की कार्रवाई पर बिसलेरी की सफाई, बोली- थर्ड पार्टी जांच में पानी सुरक्षित मिला, अब तक नहीं मिला नोटिस

Bisleri Water : देश में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के बड़े ब्रांड बिसलेरी को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है. नियामक संस्था ने कंपनी के गोवा प्लांट में तैयार पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल को निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरने के कारण असुरक्षित बताया है. हालांकि, इस कार्रवाई के बाद बिसलेरी ने अपना पक्ष रखते हुए पानी को पूरी तरह सुरक्षित बताया है. कंपनी का कहना है कि पूरा मामला करीब 14 महीने पुराना है और जांच के अलग-अलग नतीजों को लेकर विवाद हुआ है.

बिसलेरी के मुताबिक, 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने कंपनी की गोवा इकाई से छह सैंपल लिए थे. शुरुआती जांच में पांच सैंपल सभी निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, लेकिन छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई. जबकि इसकी निर्धारित अधिकतम सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है.

इसके बाद कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को अपील की और सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा गया. बिसलेरी का दावा है कि दोबारा जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली, लेकिन रिपोर्ट में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) का भी उल्लेख किया गया.

बिसलेरी ने उठाए जांच के नतीजों पर सवाल

कंपनी का कहना है कि अलग-अलग प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट में अंतर मिलने के बाद उसने FSSAI से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र लैब में भी जांच कराई. इस जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई. बिसलेरी के मुताबिक, उसने 2 फरवरी 2026 को संबंधित रिपोर्ट FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दी थी. इसके बाद कोई संवाद नहीं हुआ, इसलिए कंपनी ने मामले को बंद मान लिया था.

FSSAI ने क्यों दी मुकदमे की मंजूरी?

FSSAI के अनुसार, नियामक जांच में ब्रोमेट की निर्धारित सीमा का उल्लंघन पाया गया था. इसके बाद रेफरल फूड लैब की रिपोर्ट में PAHs का भी जिक्र आया और सैंपल को असुरक्षित घोषित किया गया. इसी आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई.

विवाद के बीच बिसलेरी ने स्पष्ट किया कि उसके पानी की गुणवत्ता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. कंपनी के मुताबिक, उसके 10 चरणों वाले मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस में 90 से अधिक गुणवत्ता जांच की जाती हैं. कंपनी ने यह भी कहा कि उसे अब तक इस कार्रवाई से संबंधित कोई ईमेल या लिखित नोटिस नहीं मिला है और वह नियामक प्रक्रिया के तहत FSSAI के साथ सहयोग करती रहेगी.

फिलहाल इस पूरे मामले में एक तरफ FSSAI की जांच रिपोर्ट और दूसरी तरफ कंपनी की स्वतंत्र लैब रिपोर्ट है. ऐसे में जांच के निष्कर्ष और आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है.

ये भी पढ़ें – योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी, विकसित होगा यूपी-एमसीईआई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button