Punjab

पंजाब को खेल हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम, CM भगवंत मान ने धूरी में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की रखी आधारशिला

Punjab News : पंजाब में नशे की समस्या से निपटने के लिए भगवंत मान सरकार अब खेलों को सबसे बड़े हथियार के रूप में आगे बढ़ा रही है. सरकार का मानना है कि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं, आधुनिक स्टेडियम और आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे तो उनकी ऊर्जा को सही दिशा दी जा सकेगी. इसी रणनीति के तहत मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने संगरूर जिले के धूरी में 39.20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखी. वहीं, जहांगीर-कहेरू में 8 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक हॉकी एस्ट्रो-टर्फ मैदान और पवेलियन जनता को समर्पित किया.

इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया, उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं के हाथों में नशे की जगह हॉकी स्टिक, बल्ले और रैकेट देखना चाहती है. सरकार का लक्ष्य है कि पंजाब के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करें.

10 एकड़ में बनेगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

धूरी में 10 एकड़ जमीन पर विकसित होने वाले इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कई खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. यहां बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कुश्ती, जूडो, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, नेटबॉल और स्क्वैश जैसे खेलों के लिए व्यवस्था होगी.

परियोजना के तहत 9 करोड़ रुपये की लागत से बहुउद्देश्यीय इनडोर स्पोर्ट्स हॉल बनाया जा रहा है इसका करीब 30 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और 31 मार्च 2027 तक इसे तैयार करने का लक्ष्य है. वहीं, 5 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्विमिंग पूल और पवेलियन का निर्माण भी शुरू हो चुका है, जिसे 30 जून 2027 तक पूरा किया जाएगा.

इसके अलावा 5.20 करोड़ रुपये खर्च कर दो बास्केटबॉल कोर्ट, दो वॉलीबॉल मैदान, दो बैडमिंटन कोर्ट, स्केटिंग रिंग, लॉन टेनिस और खो-खो कोर्ट तैयार किए जाएंगे. इन सुविधाओं को भी जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

एथलेटिक्स ट्रैक और हॉकी को भी मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने देश भगत कॉलेज, बरड़वाल में 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का भी जिक्र किया. इसका 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और 31 दिसंबर 2026 तक इसे खिलाड़ियों के लिए खोलने की योजना है.

भगवंत मान ने कहा कि हॉकी पंजाब की पहचान और विरासत का हिस्सा है. भारतीय पुरुष हॉकी टीम के 11 खिलाड़ियों में से 9 खिलाड़ियों का पंजाब से होना इस खेल के प्रति राज्य के जुनून को दिखाता है, उन्होंने कहा कि संगरूर और बरनाला जैसे जिलों में हॉकी की मजबूत परंपरा रही है और सरकार आधुनिक स्टेडियम बनाकर इस विरासत को आगे बढ़ाना चाहती है.

खिलाड़ियों को करोड़ों के पुरस्कार

पंजाब सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े वित्तीय प्रावधान किए हैं. राज्य के इतिहास में पहली बार खेलों के लिए 1,744 करोड़ रुपये का विशेष बजट रखा गया है. ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने पर 3 करोड़, रजत पदक पर 2 करोड़ और कांस्य पदक पर 1 करोड़ रुपये देने का प्रावधान है.

सरकार के मुताबिक, वर्ष 2022 से अब तक 40,415 खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए जा चुके हैं. नई खेल नीति के तहत ओलंपिक की तैयारी करने वाले खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये और एशियाई व राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी के लिए 8 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है. अब तक खिलाड़ियों को तैयारी के लिए 15 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है.

खिलाड़ियों को नौकरी से लेकर सम्मान तक

सरकार की ओर से पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले पंजाब के 20 खिलाड़ियों को 9.80 करोड़ रुपये के पुरस्कार दिए गए. कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पंजाब से जुड़े आठ खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये मिले. वहीं, 11 खिलाड़ियों को पीसीएस और डीएसपी जैसे पदों पर नियुक्त किया गया.

इसके अलावा एशियाई खेल 2023 में पदक जीतने वाले 33 खिलाड़ियों को 30 करोड़ रुपये दिए गए, जबकि 85 खिलाड़ियों को महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया गया. राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए दो कोच और 42 जूनियर कोच की भर्ती भी की गई.

गांवों में बनेंगे 3,148 खेल मैदान और 6,000 जिम

खेल सुविधाओं को शहरों से गांवों तक पहुंचाने के लिए पंजाब में 3,148 ग्रामीण खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं. इनमें से 750 मैदानों का उद्घाटन किया जा चुका है. इसके साथ ही राज्यभर में 6,000 जिम स्थापित करने की योजना है, जिसके पहले चरण में 500 जिम जनता को समर्पित किए जा चुके हैं.

खेल सामग्री खरीदने के लिए 9,501 खिलाड़ियों के बैंक खातों में सीधे 12.50 करोड़ रुपये भी जमा करवाए गए हैं. सरकार ने जूनियर हॉकी विश्व कप की मेजबानी हासिल करने के प्रयासों के साथ अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों पर भी जोर दिया है. पंजाब में पुरुष हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन किया गया, जिसे राज्य का पहला अंतरराष्ट्रीय खेल टूर्नामेंट बताया गया.

नहरी पानी से कृषि उत्पादन में 10% इजाफा दावा

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खेलों के साथ कृषि क्षेत्र में सरकार के प्रयासों का भी जिक्र किया, उन्होंने कहा कि नहरी पानी की उपलब्धता बढ़ने से किसानों को सुबह के समय बिजली मिलना आसान हुआ है. उनके मुताबिक, नहरी पानी की बेहतर उपलब्धता के चलते कृषि उत्पादन में करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खेल बुनियादी ढांचे पर निवेश जारी रखेगी. धूरी का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और जहांगीर-कहेरू का हॉकी मैदान इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं. सरकार का दावा है कि गांवों तक विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं पहुंचाकर युवाओं को नशे से दूर रखने और पंजाब को एक मजबूत खेल केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें – योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी, विकसित होगा यूपी-एमसीईआई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button