Uttar Pradesh

UP में भीषण हादसा: स्कूली बच्चों से भरी बस ट्रक से टकराई, 4 छात्रों की मौत, कई घायल

School Bus Accident : उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. आगरा से स्कूल टूर पूरा करके लौट रहे बच्चों की बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक की चपेट में आ गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस दर्दनाक हादसे में चार बच्चों की जान चली गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए. घायलों में दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

जानकारी के मुताबिक, कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के बच्चे बस से आगरा घूमने गए थे. मंगलवार सुबह करीब 5 बजकर 40 मिनट पर बस बच्चों और स्कूल स्टाफ को लेकर वापस कौशांबी लौट रही थी. बस में कुल 48 बच्चे और शिक्षक समेत स्कूल के अन्य कर्मचारी सवार थे. इसी दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 209+600 के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी.

हादसे के बाद बस में मची चीख-पुकार

हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई. दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह और ठठिया थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 17 घायल बच्चों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया.

घायलों में दो बच्चों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि 15 बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया गया. बस में सवार अन्य बच्चों को सुरक्षित निकालकर पुलिस चौकी ठठिया पहुंचाया गया. हादसे की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने चिकित्सकों को घायल बच्चों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए. फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.

ये भी पढ़ें – पार्टी स्थापना दिवस पर मोगा से AAP का चुनावी आगाज, केजरीवाल-मान के साथ मंच पर दिखेंगे 71 उम्मीदवार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button