Greater Noida News : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतकों में माता-पिता और उनके तीन बच्चे शामिल हैं. घटना रबूपुरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत की खबर सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्यों की मौत किसी खाद्य पदार्थ के सेवन के बाद होने की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि परिवार ने आखिरी बार चाय पी थी और मैगी खाई थी. इसके बाद पांचों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि मौत का कारण भोजन था या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अब घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी जुटा रही है, ताकि मौत की वजह का पता लगाया जा सके.
फूड पॉइजनिंग की आशंका
परिवार के पांचों सदस्यों की मौत के मामले में फूड पॉइजनिंग की आशंका भी जताई जा रही है. हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. केवल चाय और मैगी खाने के बाद मौत होने की जानकारी के आधार पर किसी खाद्य पदार्थ को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता. मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है. एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से जुड़े इस मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









