Delhi NCR

नेहा बोरा आधी रात के बाद रिहा, अभिजीत दीपके को लेकर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई जारी

Delhi News : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 16 अक्टूबर को दिल्ली में निकाले गए तिरंगा मार्च के दौरान पुलिस ने कई इलाकों में कार्रवाई की. इस दौरान ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को मंडी हाउस के पास हिरासत में लिया गया, जबकि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को मार्च से पहले ही हिरासत में ले लिया गया. पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान 150 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया.

नेहा बोरा को 16 अक्टूबर की शाम हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने जरूरी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद उन्हें आधी रात के बाद रिहा कर दिया गया. पुलिस ने बताया कि उनके मामले में दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत आवश्यक प्रक्रिया अपनाई गई थी.

नेहा की सेहत और रिहाई पर सवाल

हालांकि, AISA ने नेहा बोरा को हिरासत में रखे जाने के तरीके पर सवाल उठाए. संगठन का आरोप था कि उन्हें दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया और कई घंटों तक उनकी सही लोकेशन की जानकारी नहीं मिल सकी. AISA के अनुसार, बाद में वकील आरके पुरम पुलिस थाने पहुंचे और उनसे मुलाकात की. संगठन ने नेहा की सेहत, दवाओं और रिहाई में हुई देरी को लेकर भी चिंता जताई.

अभिजीत दीपके को लेकर पुलिस ने क्या कहा?

दिल्ली पुलिस के अनुसार, अभिजीत दीपके को प्रदर्शन से पहले दो नोटिस दिए गए थे, उन्हें कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में मार्च नहीं निकालने की हिदायत दी गई थी. पुलिस का कहना था कि प्रदर्शन के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी. इससे आम लोगों, दुकानदारों और यातायात पर असर पड़ने की आशंका थी. इसी आधार पर शांति भंग होने की आशंका के चलते उन्हें एहतियातन हिरासत में लिया गया.

पुलिस ने यह भी कहा कि दीपके को पहले शांति बनाए रखने के लिए 50 हजार रुपये का शांति बांड भरना पड़ा था. पुलिस इस मामले को मजिस्ट्रेट के सामने रखने की बात कह रही है.

दिल्ली के कई इलाकों में प्रदर्शन

16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस और मंडी हाउस समेत दिल्ली के कई इलाकों में तिरंगा मार्च और प्रदर्शन हुए. मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित इन प्रदर्शनों के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए कार्रवाई की. नेहा बोरा को रिहा किया जा चुका है, जबकि अभिजीत दीपके के मामले में पुलिस की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही गई है.

ये भी पढ़ें- अभिजीत दीपके, नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, तिरंगा रैली में जा रहे थे शामिल होने, 6 दिन में दूसरी बार कस्टडी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button