
CJP Tiranga March : दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को यहां विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है. इसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को इलाके में तैनात किया गया है. वहीं, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को दोपहर 3 बजे के बाद कनॉट प्लेस और आसपास की प्रमुख सड़कों पर संभावित यातायात बाधाओं को ध्यान में रखकर यात्रा करने की सलाह दी है.
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को दो दिनों के लिए बंद कर दिया है. दिल्ली पुलिस ने भी लोगों से मार्च में शामिल होने के लिए वहां पहुंचने से बचने की अपील की है. इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है.
धारा 163 लागू, रास्तों पर नजर
प्रशासन ने कनॉट प्लेस क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की है. इसके तहत संबंधित क्षेत्र में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किए जा सकते हैं. पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ भीड़ और यातायात की स्थिति पर भी नजर रख रही है.
दोपहर 3 बजे के बाद ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, मार्च के मद्देनजर कनॉट प्लेस और आसपास की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है. हालांकि, फिलहाल कनॉट प्लेस के सभी रास्ते आम जनता के लिए खुले बताए गए हैं. जरूरत पड़ने पर मौके की स्थिति के अनुसार यातायात में बदलाव किया जा सकता है.
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक संबंधी ताजा जानकारी हासिल करें, संभावित देरी को ध्यान में रखकर निकलें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें.
ये भी पढ़ें – ईरान पर ‘मदर ऑफ ऑल बॉम्ब्स’ गिराने की तैयारी में अमेरिका? ट्रंप के सामने सैन्य कार्रवाई का विकल्प
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









