Uttar Pradeshराजनीतिराज्य

UP में वोटर लिस्ट अपडेट करने की तैयारी, 12 नवंबर को ड्राफ्ट सूची, 4 जनवरी को आएगी फाइनल लिस्ट

UP Election 2027 :  उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जाएगा. इस दौरान मतदाता अपने नाम, पते और अन्य विवरणों में सुधार करा सकेंगे. साथ ही, सूची में नाम जोड़ने या हटाने से संबंधित दावे और आपत्तियां भी दर्ज कराई जा सकेंगी.

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदेय स्थलों का संभाजन और पुनर्गठन 2 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा. इसके बाद 12 नवंबर को एकीकृत मतदाता सूची का प्रारूप यानी ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा. इस सूची के जारी होने के बाद मतदाताओं को अपने विवरण जांचने और किसी तरह की गलती मिलने पर सुधार के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा.

11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां

निर्वाचन विभाग के कार्यक्रम के मुताबिक, 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी. इस अवधि में पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, नाम हटाने या नाम-पते में सुधार के लिए आवेदन कर सकेंगे. मतदाता सूची में दर्ज अन्य त्रुटियों को ठीक कराने के लिए भी इस दौरान अनुरोध किया जा सकेगा.

4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम प्रकाशन

दाखिल किए गए दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा. इसके लिए संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद मामलों पर निर्णय लिया जाएगा. पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए हैं. निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ राज्य और जिला स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी. इन बैठकों में पुनरीक्षण कार्यक्रम और उससे जुड़े दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया संचालित कर प्रदेश की मतदाता सूची को अद्यतन किया जाएगा.

ये भी पढ़ें – कर्नाटक में बस-ट्रक की भीषण टक्कर, 4 की मौत और 14 घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button