Delhi Airport : दिल्ली एयरपोर्ट पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब स्पाइसजेट और अकासा एयरलाइंस के दो विमान पार्किंग एरिया में आपस में टकरा गए। इस घटना में दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई।
बायां पंख हुआ क्षतिग्रस्त
स्पाइसजेट के प्रवक्ता के अनुसार, लेह से आया विमान गेट की ओर बढ़ रहा था, तभी उसका दाहिना पंख (राइट विंग) अकासा एयर के विमान से टकरा गया। दूसरी ओर अकासा विमान का बायां पंख (लेफ्ट विंग) इस टक्कर में क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद स्पाइसजेट के विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर ही ग्राउंड कर दिया गया है और उसे आगे उड़ानों में शामिल नहीं किया जाएगा।
FlightRadar24 के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब स्पाइसजेट विमान पार्किंग क्षेत्र की ओर बढ़ रहा था और अकासा एयर का विमान हैदराबाद के लिए पुशबैक प्रक्रिया में था।
गंतव्य तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू
अकासा एयरलाइंस ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उनकी दिल्ली से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट QP 1406 को वापस बे (पार्किंग एरिया) में लाना पड़ा। एयरलाइन ने कहा कि सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए गंतव्य तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विमान की कराई गई सुरक्षित लैंडिंग
इसी दौरान दिल्ली एयरपोर्ट पर एक अन्य घटना भी सामने आई, जहां विशाखापट्टनम से आई इंडिगो की फ्लाइट 6E 579 को इंजन में खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। विमान में 160 यात्री सवार थे। सुरक्षा को देखते हुए रनवे 28 पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई और विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। बताया गया है कि यह बोइंग 737 विमान तुर्की की कोरेनडन एयरलाइंस से लीज पर लिया गया था।
ये भी पढ़ें- Toilet में मोबाइल चलाने की आदत बन सकती है खतरनाक, बढ़ रहा बड़ा खतरा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









