राष्ट्रीय

वेस्ट बैंक में गोलीबारी से मचा हड़कंप, 5 इजरायली घायल, जवाबी कार्रवाई में 2 फिलिस्तीनी मारे गए

West Bank Shooting : इजरायल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक में शुक्रवार सुबह गोलीबारी की घटना के बाद तनाव बढ़ गया. हेब्रोन शहर के पास हुए इस हमले में कम से कम पांच इजरायली घायल हो गए, जबकि जवाबी कार्रवाई में दो संदिग्ध फिलिस्तीनी हमलावर मारे गए. घटना के बाद इजरायली सेना ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी अपनी सभी राजनीतिक बैठकें रद्द कर दीं और वेस्ट बैंक को बंद करने का आदेश दिया.

समाचार एजेंसी एएफपी के पत्रकार के मुताबिक, हेब्रोन के पास एक चेकपॉइंट पर आम कपड़ों में मौजूद दो फिलिस्तीनी पुरुषों ने इजरायली बलों पर गोलीबारी की. उनके पास एक हैंडगन और एक स्वचालित राइफल थी. जवाबी कार्रवाई में दोनों की मौत हो गई. उनके शव एक पेट्रोल पंप के पास पड़े मिले, जबकि इजरायली सैनिक आसपास के इलाके में गश्त करते रहे.

इजरायली सेना ने बताया कि सैनिक जूडिया जंक्शन क्षेत्र में पहुंचे और दोनों हमलावरों को मार गिराया. इलाके में तलाशी अभियान जारी है.

नेतन्याहू ने रद्द कीं राजनीतिक बैठकें

मंगलवार को होने वाले चुनाव में एक और कार्यकाल के लिए मैदान में उतरे प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने हमले के बाद शुक्रवार की सभी राजनीतिक बैठकें रद्द कर दीं. वहीं, राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-गवीर ने फिलिस्तीनी अथॉरिटी को खत्म करने, उसे निशस्त्र करने और उसके कथित आतंकी ढांचे को नष्ट करने की मांग की. पूर्व सेना प्रमुख गादी आइसेनकोट ने सैनिकों की त्वरित कार्रवाई की तारीफ की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

हमास ने की हमले की तारीफ

गाजा में सक्रिय हमास ने इस घटना को वीरतापूर्ण अभियान बताया, लेकिन हमले की जिम्मेदारी नहीं ली. फिलहाल ऐसा कोई सबूत सामने नहीं आया है, जिससे फिलिस्तीनी अथॉरिटी का इस हमले से संबंध साबित हो.

वेस्ट बैंक में पहले से ही तनाव बना हुआ है. एएफपी के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में गाजा युद्ध शुरू होने के बाद से इजरायली बलों या बसने वालों के हाथों 1,113 फिलिस्तीनी मारे गए हैं. इसी अवधि में फिलिस्तीनी हमलों या इजरायली सैन्य अभियानों में कम से कम 49 इजरायली नागरिक और सुरक्षाकर्मी भी मारे गए हैं.

ये भी पढ़ें- अगर 2027 में गलती से भी कांग्रेस सत्ता में आ गई, तो वह फ्री बिजली, ₹10 लाख का हेल्थ कवर और महिलाओं की वित्तीय मदद छीन लेगी- अमन अरोड़ा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button