India China Border : भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर तनाव को लेकर एक बार फिर सियासी बहस तेज हो गई है. भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने अरुणाचल प्रदेश में चीनी सैनिकों के साथ कई बार आमने-सामने की स्थिति बनने की बात कही है, उन्होंने बताया कि ऐसी परिस्थितियां अब भी बनी हुई हैं. उनके इस बयान के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा कर प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं.
ITBP के डीजी शत्रुजीत कपूर ने एक कार्यक्रम में कहा कि अरुणाचल प्रदेश में कई बार ऐसी परिस्थितियां बनीं, जब भारतीय और चीनी सैनिक आमने-सामने आए, उन्होंने कहा कि यह स्थिति अभी भी जारी है और वहां तैनात शौर्य कमांडो टीमों ने अच्छा काम किया है. कपूर के मुताबिक, आईटीबीपी की शुरुआत पर्वतीय गुरिल्ला बल के रूप में हुई थी, लेकिन बाद में इसने चीन सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली. अब बल को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से काम करने वाली विशेष फोर्स के रूप में अपनी पहचान मजबूत करनी है.
जयराम रमेश ने चीन नीति पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट साझा कर केंद्र सरकार की चीन नीति की आलोचना की, उन्होंने लिखा कि आईटीबीपी के डीजी ने अरुणाचल प्रदेश में चीनी सेना के साथ हालिया आमने-सामने की घटनाओं में भारतीय जवानों के प्रदर्शन की तारीफ की है, जो सही है. हालांकि, उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए. रमेश ने आरोप लगाया कि चीन के साथ सीमा पर जारी घटनाक्रम को लेकर सरकार की ओर से पर्याप्त प्रतिक्रिया नहीं दी जा रही है.
2017 में डोकलाम में हुआ था टकराव
भारत और चीन के बीच वर्ष 2017 में डोकलाम क्षेत्र में लंबे समय तक तनाव बना रहा था. दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने आ गई थीं. इसके बाद भी सीमा विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ और अलग-अलग क्षेत्रों में तनाव की स्थिति बनी रही. अब अरुणाचल प्रदेश में आमने-सामने की घटनाओं को लेकर आईटीबीपी प्रमुख के बयान ने एक बार फिर भारत-चीन सीमा विवाद और केंद्र सरकार की नीति पर राजनीतिक बहस तेज कर दी है.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









