Using Phone On Toilet Risks : आजकल ज्यादातर लोग टॉयलेट में बैठते ही मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की आदत अपना चुके हैं। शुरुआत में यह आदत सामान्य और नुकसान रहित लगती है, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार यह धीरे-धीरे पेल्विक हेल्थ पर नकारात्मक असर डाल सकती है।
आसपास की नसों पर अतिरिक्त दबाव
डॉक्टरों का कहना है कि टॉयलेट का उद्देश्य सीमित समय में शरीर की प्राकृतिक प्रक्रिया को पूरा करना होता है। लेकिन जब कोई व्यक्ति वहां लंबे समय तक बैठा रहता है, तो रेक्टम और आसपास की नसों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ने लगता है। सामान्य स्थिति में कुर्सी पर बैठने से शरीर को सहारा मिलता है, लेकिन टॉयलेट सीट पर ऐसा सपोर्ट नहीं मिलता, जिससे रक्त का प्रवाह नीचे की ओर बढ़ सकता है और दबाव और अधिक हो जाता है।
एनल एरिया की सूज जाती हैं नसें
विशेषज्ञों के अनुसार यदि कोई व्यक्ति 10 मिनट से अधिक समय तक टॉयलेट में बैठा रहता है, तो यह स्थिति पाइल्स जैसी समस्या का कारण बन सकती है। पाइल्स में एनल एरिया की नसें सूज जाती हैं, जिससे दर्द और कई बार ब्लीडिंग भी हो सकती है।
बाहर निकलने में पैदा कर सकता है कठिनाई
समस्या केवल यहीं तक सीमित नहीं है। फोन चलाने के दौरान ध्यान भटकने से शरीर के प्राकृतिक संकेत नजरअंदाज हो जाते हैं। इससे मल लंबे समय तक कोलन में रह सकता है, सूख सकता है और बाहर निकलने में कठिनाई पैदा कर सकता है। यही स्थिति कब्ज, पाइल्स और एनल फिशर जैसी समस्याओं को बढ़ावा देती है।
एनल कैनाल में सूक्ष्म दरारें
डॉक्टर इस स्थिति को ‘स्ट्रेनिंग पैराडॉक्स’ भी कहते हैं, जिसमें व्यक्ति सीधे तौर पर जोर नहीं लगाता, लेकिन लंबे समय तक बैठने से पेल्विक फ्लोर पर लगातार दबाव बना रहता है। इससे एनल कैनाल में सूक्ष्म दरारें पड़ सकती हैं, जो काफी दर्दनाक होती हैं।
फोन को दूर रखना एक अच्छी आदत
विशेषज्ञों का सुझाव है कि टॉयलेट में 5 मिनट से अधिक समय नहीं बिताना चाहिए। यदि इस समय में काम पूरा न हो, तो थोड़ी देर बाद दोबारा प्रयास करना बेहतर होता है। इसके साथ ही फोन को टॉयलेट से दूर रखना एक अच्छी आदत है, जिससे ध्यान भटकता नहीं है और प्रक्रिया जल्दी पूरी हो जाती है।
स्टूल रखने से बेहतर होता है एंगल
इसके अलावा सही बैठने की मुद्रा भी महत्वपूर्ण है। पैरों के नीचे छोटा स्टूल रखने से शरीर का एंगल बेहतर होता है, जिससे प्रक्रिया आसान हो सकती है। डॉक्टर पर्याप्त पानी पीने, फाइबर युक्त आहार लेने और शरीर के संकेतों को अनदेखा न करने की सलाह देते हैं।
ये भी पढ़ें- IPL 2026 : CSK को बड़ा झटका, खलील अहमद टूर्नामेंट से बाहर, यह बड़ी वजह आई सामने
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









