Smartphone Market : वैश्विक स्तर पर स्मार्टफोन बाजार इस साल दबाव में नजर आ सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार 2026 में स्मार्टफोन की कुल बिक्री में करीब 13% तक गिरावट आने का अनुमान है। मार्केट रिसर्च फर्म IDC का कहना है कि इस साल बिक्री घटकर करीब 1.1 अरब यूनिट रह सकती है, जो पिछले साल के मुकाबले बड़ी कमी दर्शाती है।
बढ़ती लागत इस गिरावट की मुख्य वजह
विशेषज्ञों के मुताबिक, मेमोरी चिप्स की कमी और बढ़ती लागत इस गिरावट की मुख्य वजह है। NAND और DRAM जैसे जरूरी कंपोनेंट्स महंगे होने से कंपनियों को स्मार्टफोन की कीमत बढ़ानी पड़ रही है। इसका असर यह हुआ है कि एंट्री-लेवल और बजट स्मार्टफोन बनाना अब कंपनियों के लिए कम मुनाफे वाला सौदा बन गया है, जिसके चलते इस सेगमेंट में नए मॉडल कम लॉन्च हो रहे हैं।
कीमतें पुराने स्तर पर लौटने की संभावना कम
पिछले साल 100 डॉलर से कम कीमत वाले करीब 17 करोड़ स्मार्टफोन बिके थे, लेकिन अब इस रेंज में डिवाइस तैयार करना मुश्किल होता जा रहा है। जानकारों का मानना है कि चिप्स की सप्लाई में सुधार होने में अभी समय लग सकता है और कीमतें जल्दी पुराने स्तर पर लौटने की संभावना कम है।
Apple की बाजार हिस्सेदारी घटकर…
भारत में भी स्मार्टफोन बाजार की स्थिति कमजोर रही है। Counterpoint Research की रिपोर्ट के अनुसार, मार्च तिमाही में बिक्री में करीब 3% की गिरावट दर्ज की गई, जो पिछले छह वर्षों में सबसे कमजोर प्रदर्शन माना जा रहा है। इस दौरान Apple की बाजार हिस्सेदारी घटकर 9% रह गई, जो पहले 12% थी। वहीं Oppo, Vivo और Realme जैसे ब्रांड्स का दबदबा बना हुआ है, जिनकी संयुक्त हिस्सेदारी करीब 50% है।
कम कीमत वाले सेगमेंट पर पड़ा असर
विशेषज्ञों का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी और आर्थिक कारणों से ग्राहक अब अपने फोन लंबे समय तक इस्तेमाल कर रहे हैं। औसतन स्मार्टफोन की कीमत में करीब 1,500 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है, जिसका सबसे ज्यादा असर 15,000 रुपये से कम कीमत वाले सेगमेंट पर पड़ा है।
ये भी पढ़ें- वृंदावन पहुंचे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा, संत प्रेमानंद महाराज के किए दर्शन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









