बड़ी ख़बरराष्ट्रीयविदेश

Earthquake : फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का भूकंप, 8 की मौत, कई इमारतें क्षतिग्रस्त, राहत और बचाव कार्य जारी

Earthquake : फिलीपींस में सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया, जिससे कई इलाकों में भारी नुकसान की खबरें सामने आई हैं। भूकंप के बाद दुकानों, कार्यालयों और व्यावसायिक इमारतों सहित कई ढांचों में दरारें और क्षति देखी गई। पुलिस के अनुसार, अब तक कम से कम 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 5:07 बजे आया और इसका केंद्र मिंडानाओ द्वीप के पास जमीन से लगभग 35 किलोमीटर की गहराई में था। स्थानीय एजेंसियों के अनुसार, इसके बाद लगातार झटके महसूस किए गए।

सुनामी जैसी समुद्री लहरें भी देखी गईं

फिलीपींस के ज्वालामुखी और भूकंप विज्ञान संस्थान (PHIVOLCS) ने बताया कि सुबह 11 बजे तक 138 आफ्टरशॉक्स रिकॉर्ड किए गए, जिनकी तीव्रता 1.3 से 6.7 के बीच रही। भूकंप के बाद मिंडानाओ के छह क्षेत्रों में सुनामी जैसी समुद्री लहरें भी देखी गईं, जिनमें सबसे ऊंची लहर लगभग 1.4 मीटर दर्ज की गई।

बिजली आपूर्ति बाधित, छाया अधेरा

एहतियात के तौर पर इंडोनेशिया और मलेशिया के कुछ हिस्सों में भी सुनामी चेतावनी जारी की गई थी, जिसे बाद में हटा लिया गया। जनरल सैंटोस सिटी पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि कई इमारतें प्रभावित हुई हैं और राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से कुछ इलाकों में अंधेरा छा गया। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, झटकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। कुछ स्थानों पर लोगों के बेहोश होने की भी सूचना मिली है।

इंडोनेशिया के कुछ हिस्से भी प्रभावित

फिलीपींस के राष्ट्रपति ने सभी संबंधित एजेंसियों को राहत कार्य तेज करने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। भूकंप के झटके इंडोनेशिया के कुछ हिस्सों तक भी महसूस किए गए, जबकि जापान और गुआम के लिए सुनामी एडवाइजरी जारी की गई है। हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका और कनाडा के प्रशांत तटीय क्षेत्रों के लिए फिलहाल कोई सुनामी खतरा नहीं है।

ये भी पढ़ें- LPG Cylinder Price Hike : आम-जन पर पड़ी चौतरफा महंगाई की मार, पेट्रोल-डीजल, दूध समेत LPG के बढ़े दाम

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button