Wildlife Smuggling : मुंबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बैंकॉक से लौटे एक भारतीय यात्री को रविवार को मुंबई कस्टम्स ने जांच के दौरान रोका. तलाशी में उसके सामान से 29 विदेशी वन्यजीव बरामद किए गए. मामले की सूचना मिलने पर वन्यजीवों की पहचान, रेस्क्यू और उनकी देखभाल के लिए RAWW (रेस्किंक एसोसिएशन फॉर वाइल्डलाइफ वेलफेयर) की टीम को WCCB (वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो) और वन विभाग के समन्वय से बुलाया गया.
प्रारंभिक जांच में बरामद जीवों में गिब्बन, मेलानिस्टिक स्क्विरल (काली गिलहरी), बॉल पाइथन और इगुआना जैसी विदेशी प्रजातियां शामिल पाई गईं. अधिकारियों के अनुसार इन वन्यजीवों को बैग में छिपाकर भारत लाने की कोशिश की जा रही थी. यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है और मामले की जांच जारी है.
वन्यजीवों की तस्करी मामले में जांच जारी
अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीवों की तस्करी से जुड़े इस मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है. जब्त किए गए सभी जीवों को सुरक्षित रखा गया है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
डीजीसीए के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, जब्त किए गए इन विदेशी वन्यजीवों को उनके मूल देश वापस भेजा जाएगा. इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
तस्करी के मकसद की जांच जारी
बता दें कि विदेशी वन्यजीवों की अवैध तस्करी के मामले समय-समय पर सामने आते रहे हैं. ऐसे मामलों में जानवरों को अक्सर सामान के भीतर छिपाकर ले जाया जाता है, जिससे उनके स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है.
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन वन्यजीवों को भारत लाने का उद्देश्य क्या था. इस संबंध में यात्री से पूछताछ की जा रही है और मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें- ‘पेड्डी’ में जाह्नवी का लुक बना बहस का मुद्दा, कपड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर हुई ट्रोल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









