Fire Accident Delhi : दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में हुए होटल अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के मामले में जांच में नए खुलासे सामने आए हैं. घटना को लेकर होटल के शेफ से हुई पूछताछ में कई अहम बातें सामने आई हैं, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जांच तेज कर दी है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान कुक नेगी ने बताया कि बुधवार सुबह रसोई में इलेक्ट्रिक स्टोव चालू करने के कुछ समय बाद ही आग लग गई थी. उनका कहना है कि स्टोव में अचानक विस्फोट जैसी स्थिति बनी, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई.
फायर-फोरेंसिक रिपोर्ट से होगी पुष्टि
जांच एजेंसियों का मानना है कि बिल्डिंग में मौजूद इलेक्ट्रॉनिक लॉक सिस्टम के बंद हो जाने से निकास रास्ते प्रभावित हुए, जिससे लोगों को बाहर निकलने में मुश्किल हुई. हालांकि इस पूरे मामले में कुक के बयान की पुष्टि अभी फायर और फोरेंसिक रिपोर्ट से की जाएगी.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में कुक की लापरवाही की बात सामने आई है और यह भी आशंका जताई जा रही है कि आग लगने के बाद वह मौके से भाग गया था. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या आग के दौरान मेन लाइट बंद होने से इलेक्ट्रॉनिक लॉक सिस्टम भी निष्क्रिय हो गए थे.
पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की हर एंगल से जांच कर रही है और मौके पर मौजूद रहे अन्य कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. इसी मामले में एक रसोइये को गिरफ्तार किया गया है, जबकि होटल के फरार प्रबंधक की तलाश जारी है.
बता दें कि बुधवार सुबह हुए इस हादसे के समय रसोई में खाना बन रहा था और आग की शुरुआत उसी क्षेत्र से होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस का कहना है कि आग के सही कारण की पुष्टि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
ये भी पढ़ें- ‘पेड्डी’ में जाह्नवी का लुक बना बहस का मुद्दा, कपड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर हुई ट्रोल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









