UP Weather : उत्तर प्रदेश में कुछ दिन पहले हुई बारिश के बाद मौसम ने फिर करवट ले ली है. प्रदेश के अधिकांश इलाकों में तापमान बढ़ने लगा है और लोगों को गर्मी के साथ उमस का भी सामना करना पड़ रहा है. रविवार को तेज धूप निकलने से दिन के समय गर्मी का असर साफ दिखाई दिया. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में लू चलने की संभावना जताई है. हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन इससे तापमान में किसी बड़ी राहत के आसार नहीं हैं.
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार, 8 जून को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा. प्रदेश के अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने का अनुमान है. इसके चलते तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है और कुछ क्षेत्रों में हीटवेव जैसी परिस्थितियां भी बन सकती हैं.
दोपहर के समय गर्मी और बढ़ सकती है
वहीं, राजधानी लखनऊ में भी दिनभर मौसम साफ रहने का अनुमान है. सुबह से ही धूप का असर रहेगा, जबकि दोपहर के समय गर्मी और बढ़ सकती है. शहर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. इसके अलावा 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और आगरा समेत पश्चिमी यूपी के कई शहरों में भी मौसम शुष्क रहने और तापमान बढ़ने का अनुमान है.
9 जून से प्रदेश में लू का असर
मौसम विभाग का कहना है कि 9 जून से प्रदेश में लू का असर देखने को मिल सकता है. इस दौरान कई इलाकों में धूल भरी गर्म हवाएं चलने की संभावना है. 10 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क बना रहेगा. 11 से 13 जून के बीच कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन इसके साथ ही गर्मी और हीटवेव का प्रभाव भी जारी रह सकता है.
झांसी और बांदा रहे सबसे गर्म जिले
पिछले 24 घंटों के दौरान झांसी और बांदा प्रदेश के सबसे गर्म जिलों में शामिल रहे, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. उरई, फतेहपुर, वाराणसी और आगरा में भी तापमान काफी ऊंचा दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद तापमान में कुछ गिरावट आने की संभावना है.
ये भी पढ़ें- ‘पेड्डी’ में जाह्नवी का लुक बना बहस का मुद्दा, कपड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर हुई ट्रोल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









